राजस्थान

Sri Ganganagar: खाद्य सुरक्षा गिव-अप अभियान की अवधि 31 अगस्त तक बढ़ाई गई

Tara Tandi
3 July 2025 1:40 PM IST
Sri Ganganagar: खाद्य सुरक्षा गिव-अप अभियान की अवधि 31 अगस्त तक बढ़ाई गई
x
Sri Ganganagar श्रीगंगानगर । राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में गिव-अप अभियान के तहत 31 अगस्त 2025 तक स्वेच्छा से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर राशनकार्डधारक द्वारा अपना नाम हटवाया जा सकता है। जिले में अब तक 11082 परिवारों के 70143 सदस्यों ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा से अपना नाम हटवाया है।
जिला रसद अधिकारी श्रीमती कविता सिहाग ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा के नेतृत्व में जारी अभियान के तहत अभी तक बड़ी संख्या में नाम हटवाने के लिये आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके लिए राशनकार्डधारक खाद्य विभाग के पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन कर सकता है अथवा जिला रसद अधिकारी कार्यालय/उपखण्ड अधिकारी कार्यालय अथवा उचित मूल्य दुकानदार के पास भी आवेदन जमा करवा सकता है। उक्त अभियान के तहत ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय एक लाख रूपये से अधिक है, परिवार में कोई भी सदस्य आयकरदाता है अथवा परिवार के किसी सदस्य के पास चौपहिया वाहन है (ट्रैक्टर तथा एक वाणिज्यक वाहन को छोड़कर) वे अपात्र की श्रेणी में आते हैं। यदि ऐसे परिवार उक्त तिथि तक स्वेच्छा से अपना नाम नहीं हटवाते हैं, तो 31 अगस्त 2025 के बाद जाँच कर इनके नाम खाद्य सुरक्षा से हटाये जायेंगे तथा नियमानुसार वसूली एवं कार्यवाही की प्रक्रिया अपनाई जायेगी।
उन्होंने अपात्र राशनकार्डधारकों से अपील की है कि वे अपने नाम 31 अगस्त 2025 से पूर्व खाद्य सुरक्षा से हटवा लेने चाहिए ताकि उन्हें कानूनी कार्यवाही, वसूली आदि का सामना नहीं करना पड़े। अभियान में अब प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर खाद्य विभाग के प्रवर्तन अधिकारी एवं प्रवर्तन निरीक्षक औचक निरीक्षण करने के पश्चात ही खाद्य सुरक्षा में चयनित अपात्र लोगों को नोटिस जारी करेंगे। जिले में आदिनांक तक 11082 परिवारों के 70143 सदस्यों ने गिव-अप अभियान के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से नाम हटवा चुके हैं। खाद्य विभाग शीघ्र ही परिवहन विभाग से चार पहिया वाहन स्वामी का डाटा संकलित कर खाद्य सुरक्षा में चयनित अपात्र लोगों को नोटिस जारी करेंगे और वसूली की कार्यवाही की जायेगी।
Next Story