राजस्थान

Sri Ganganagar: जिला कलेक्टर ने एसडीएम, डिस्कॉम और जलदाय विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश

Tara Tandi
15 April 2025 12:53 PM IST
Sri Ganganagar: जिला कलेक्टर ने एसडीएम, डिस्कॉम और जलदाय विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश
x
Sri Ganganagar श्रीगंगानगर । नहरबंदी और गर्मी के मद्देनजर बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में बैठक वीसी के माध्यम से हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने समस्त एसडीएम, बीडीओ, जलदाय विभाग और डिस्कॉम अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मद्देनजर आमजन को परेशानी नहीं आनी चाहिए। बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुचारू रखी जाए।
नहरबंदी और गर्मी के दौरान जलापूर्ति व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त जलापूर्ति के लिए अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करें। निर्धारित समय के अनुसार जलापूर्ति करते हुए आवश्यक होने पर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाए। आमजन को भी जल बचत के लिए जागरुक करें। अनावश्यक कार्यों में जल का उपयोग न करते हुए नहरबंदी और गर्मी को देखते हुए जल का सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मुनादी के साथ-साथ कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से जल बचत के लिए आमजन को जागरूक किया जाए। उपखंड स्तर पर कंट्रोल रूम गठित करें और आवश्यक होने पर जीपीएसयुक्त टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाए। एसडीएम नियमित रूप से बिजली, पानी, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करें।
जलदाय विभाग के अधिकारियों को जलापूर्ति समस्या वाले स्थानों को चिन्हित कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि डिस्कॉम अधिकारी क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉमर्स को जल्द बदलने की कार्रवाई करें। ढीली तारों की मरम्मत, पेड़-पौधों की छंगाई और आवश्यक विद्युत उपकरणों के साथ-साथ संसाधनों की व्यवस्था पूर्ण रखें ताकि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
गर्मी और हीटवेव के मद्देनजर विद्यालयों, मनरेगा कार्यस्थलों सहित अन्य स्थानों पर छाया, पानी और ओआरएस घोल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि समस्त अधिकारी नियमित रूप से जलदाय, डिस्कॉम और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कलक्टर ने बजट घोषणा क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर कृषि जिंसों की खरीद सुचारू रहनी चाहिए। पंचायत पुनर्गठन, सहायता प्रकरण, क्रॉप कटिंग, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्नपूर्णा रसोई के नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि 31 मई तक संचालित होने वाले फार्मर रजिस्ट्री कैंप में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, उपखंड अधिकारी गंगानगर श्री रणजीत कुमार, गंगनहर एसई श्री धीरज चावला, जलदाय विभाग के एसई श्री विजय कुमार शर्मा, डिस्कॉम एसई श्री वीआई परिहार, श्री मोहनलाल अरोड़ा, श्री मोनिंदरजीत सिंह, श्री भंवरलाल स्वामी सहित अन्य मौजूद रहे जबकि समस्त एसडीएम और उपखंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।
Next Story