जालोर में रफ्तार का कहर, बोलेरो की टक्कर से चार लोगों की दर्दनाक मौत

जालोर: जालोर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। हादसा धानता गांव के पास हुआ। बाइक पर सवार सभी लोग दीपावली मनाने अपने गांव जा रहे थे।
सांचौर थानाधिकारी नेमाराम ने बताया कि बाइक पर जीयाराम धेतरवाल (65) निवासी पुर, रामलाल सियाक (50) निवासी डावल, शामी और आठ वर्षीय कुलदीप सवार थे। ये सभी दीपावली मनाने अपने घर पुर जा रहे थे। इसी दौरान धानता गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीयाराम, रामलाल और कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शामी गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर सांचौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सांचौर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे गुजरात के पालनपुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। शामी बाइक पर अपने ससुर जीयाराम, पिता रामलाल और बेटे कुलदीप के साथ सवार थी। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों और महिला की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।





