राजस्थान
विशेष साम्रगी राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताओं में महिलाएं भी ले रही बढ़-चढ़कर हिस्सा
Tara Tandi
7 Aug 2023 2:00 PM GMT

x
राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश भर में खेलों के महाकुंभ के रूप में आयोजित की जा रही राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में उत्साह देखते ही बन रहा है।
राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताओं की सबसे खास बात यह है कि इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग, पुरूष एवं महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पंजीकरण करवाएं हैं और वे बड़े जोश के साथ विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा एवं हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं।
पंचायत समिति डग की ग्राम पंचायत सुनारी में ऐसा ही एक दृश्य राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के तहत दिखाई दिया जिसमें रस्साकसी का एक महत्वपूर्ण एवं बेहद रोचक मुकाबला दो टीमों के मध्य हुआ। जिसमें एक टीम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुनारी की छात्राएं थीं तो दूसरी टीम में सुनारी ग्राम पंचायत की घंूघट ओढ़े हुए 40 से 50 वर्ष की उम्र तक की महिलाएं थीं। जहां एक ओर युवा बालिकाओं का जोश देखने को मिला वहीं दूसरी ओर महिला सशक्तीकरण की परिभाषा को साबित करती महिलाओं में जीत के लिए आत्मविश्वास। चाहे अंत में जीत युवा बालिकाओं की हुई परन्तु उन सभी महिलाओं ने रस्साकसी के मैच में बालिकाओं को जीतने के लिए पुरजोर दम लगाने पर मजबूर कर दिया।
उक्त प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य यही है कि चाहे उम्र कोई भी हो अगर व्यक्ति में जोश व जुनून है और उसे अपनी काबिलियत को दिखाने का अवसर मिले तो वह अपनी प्रतिभा को दिखाने में कोई कमी नहीं रखता। वही अवसर राज्य सरकार द्वारा प्रदेश की आम जनता को राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल प्रतियोगिताओं के रूप में दिया गया है।

Tara Tandi
Next Story