राजस्थान
बेटे पर पिता को जिंदा जलाने का आरोप, पुलिस मामले की जांच में जुटी
Rounak Dey
27 Jun 2022 5:15 PM IST
राजस्थान में एक युवक पर अपने पिता को जिंदा जलाने का आरोप लगा है। मामला पाली जिले का है। इस घटना में बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गये हैं। अब पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले हनुमानराम बावरी और उनके दोनों बेटे किशोर और दयाल ने एक साथ बैठ कर शराब पी थी। घटना 25 जून की रात की है।
शराब पीने के बाद किशोर और दयाल के बीच विवाद शुरू हो गया। दरअसल पिता को अपने पास रखने को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था। दोनों इस बात पर लड़ रहे थे कि पिता को कौन अपने पास रखेगा। बेटों की इस लड़ाई को सुन पिता हनुमानराम बावरी उन्हें समझाने के लिए आए।
इस दौरान बड़ा बेटा दयाल अपने पिता से उलझ गया। नाराज दयाल ने गुस्से में आकर घर में रखा डीजल अपने पिता पर उढेल दिया। इसके बाद उसने उन्हें जिंदा ही आग के हवाले कर दिया। घर में मौजूद अन्य सदस्यों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
लेकिन तब तक हनुमानराम बावरी का पेट और पैर बुरी तरह झुलस गया था। झुलसे बुजुर्ग पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
Next Story





