राजस्थान

महिलाओं के उन्नयन से ही सामाजिक ढांचे का होगा उत्थान जिला प्रमुख वंदना आर्य को मिली हरी झंडी

Tara Tandi
8 March 2024 11:32 AM GMT
महिलाओं के उन्नयन से ही सामाजिक ढांचे का होगा उत्थान जिला प्रमुख वंदना आर्य को मिली हरी झंडी
x
चूरू । जिला प्रमुख वंदना आर्य व जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी ने गुरुवार रात को जिला कलक्टर आवास से हरी झंडी दिखाकर अमृत उद्यान, राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली के लिए राजीविका स्वयं सहायता समूहों की 200 महिलाओं के भ्रमण दल को रवाना किया।
इस अवसर पर जिला प्रमुख वंदना आर्य ने कहा कि महिलाओं के उन्नयन से ही सामाजिक ढांचे का उत्थान होगा। सामाजिक संरचना पूर्णतया महिलाओं पर निर्भर करती है। देश-दुनिया की महिलाओं के समानांतर हमारे क्षेत्र की महिलाओं को भी समुचित अवसर मिले, जिससे सामाजिक संरचना में महिलाओं की भूमिका सुदृढ़ हो।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देश की राजधानी व राष्ट्रपति भवन का भ्रमण का अवसर राजीविका महिलाओं के लिए एक सुखद तोहफा उपहार होगा। महिलाएं नई संस्कृति व आधुनिकता से परिचित होंगी व भावी पीढ़ी को भी आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करेंगी।
जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी ने कहा कि महिलाओं को समाज, गांव के बाहर निकलकर दुनिया देखने का अवसर मिलेगा तो हमारी आने वाली पीढ़िया अधिक सक्षम हो पाएंगी। उनके सामने महिला सशक्तिकरण का एक मजबूत उदाहरण प्रस्तुत होगा। आज भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में बहुत काम करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं शासन, प्रशासन, उद्योग, राजनैतिक क्षेत्र, शिक्षा, खेल सहित सभी क्षेत्रों में अपनी काबिलियत से देश का गौरव बढ़ा रही हैं। महिलाओं के हौसले का मजबूत करते हुए उन्हें उनके हुनर को तराशने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने चाहिए ताकि सामाजिक संरचना को विकास हो और क्षेत्र की महिलाएं अधिक सक्षम हो सकें।
इस दौरान एडीपीआर कुमार अजय, रमेश कुमार शर्मा, राकेश कुमार छेपट, मुकेश महर्षि, नरेश शर्मा, संदीप शर्मा, भगवान सिंह, अरविंद सुतलिया सहित अन्य उपस्थित रहे।
राजीविका डीपीएम दुर्गा ढाका ने बताया कि शुक्रवार को चूरू राजीविका स्वयं सहायता समूह की इन 200 महिलाओं ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में अमृत उद्यान का भ्रमण किया एवं गौरवान्वित महसूस किया।
उन्होंने बताया कि राजीविका महिलाएं अकल्पनीय पल को साकार होता देख भावुक हो गई और सुंदर मनोरम उद्यान दृश्यों को देखकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु व राजस्थान सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। डीपीएम ढाका के निर्देशन में राकेश कुमार छेपट, रमेश कुमार शर्मा, मुकेश महर्षि, नरेश शर्मा, संदीप शर्मा , भगवान सिंह , अरविंद सुतलिया ने समन्वय कर राजीविका महिलाओं को भ्रमण करवाया।
Next Story