Sirohi: भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर

सिरोही: जिले के कांडला हाईवे पर रोहुआ बोर्ड के पास एक तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया। दुर्घटना में ऑटो चालक समेत 11 लोग घायल हो गए, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत रेवदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा वर्मन मालपुरा पाटिया में रोहुआ बोर्ड के पास उस समय हुआ, जब वास और पिपलिया गांव के लोग कृषि कार्य के लिए ऑटो में सवार होकर सोनीला जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पलट गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में घायल होने वालों में ऑटो चालक रघुनाथ कोली का पुत्र बाबू, रुगनाथराम कोली की पुत्री सुगना, बाबूराम कोली की पुत्री संतोष, तालाराम छीपा की पुत्री पुष्पा, हंसाराम कोली की पत्नी आसु देवी, रगराम कोली की पत्नी शांता देवी, कलाराम कोली की पत्नी शारदा देवी, दिनेश कोली की पत्नी पवनी देवी, लक्ष्मण कोली की पत्नी पाबू देवी, दीपाराम कोली की पत्नी अंतरी देवी और गणेश कोली की पुत्री सुगना शामिल हैं।
दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है तथा उसके मालिक की तलाश जारी है।





