राजस्थान

Sikar: मेले में क्यूआर कोड से मिलेगी हर पल की जानकारी

Admindelhi1
19 Feb 2026 1:34 PM IST
Sikar: मेले में क्यूआर कोड से मिलेगी हर पल की जानकारी
x

सीकर: बदलती तकनीक के दौर में इस वर्ष खाटू श्याम मंदिर का फाल्गुनी मेला भी हाईटेक अंदाज में नजर आएगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को अब क्यूआर कोड के माध्यम से दर्शन, पार्किंग, मेडिकल सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं की पल-पल की जानकारी मिलेगी।

जिला प्रशासन और मंदिर कमेटी की ओर से मेले में 50 हजार से अधिक स्थानों पर श्याम सारथी एप के क्यूआर कोड लगाए गए हैं। क्यूआर कोड स्कैन करते ही श्रद्धालुओं को दर्शन में लगने वाला अनुमानित समय, पार्किंग लोकेशन, मेडिकल सेवाएं, सेवा शिविर, लाइव दर्शन और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं तुरंत उपलब्ध होंगी। प्रशासन की ओर से इस तरह का नवाचार पहली बार किया गया है।

इस बार मेले में खोया-पाया केंद्र को भी आधुनिक बनाया गया है। गुम हुए सामान की फोटो एप पर अपलोड की जाएगी, जिससे श्रद्धालु अपने सामान की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

बाबा श्याम के फाल्गुनी मेले की तैयारियों को लेकर संभागीय आयुक्त पूनम, जिला कलक्टर मुकुल शर्मा और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर चुके हैं।

पिछले मेले में 52 बीघा और सांवलपुरा पार्किंग में एक समय में 11 हजार वाहनों की निशुल्क पार्किंग की सुविधा थी। इस वर्ष क्षमता बढ़ाकर 21 हजार वाहनों तक कर दी गई है। प्रशासन ने पार्किंग को लेकर पारदर्शिता और नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मेला अवधि के दौरान श्याम कुंड पूर्णतया बंद रहेगा और डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

इस बार सरकारी प्रोटोकॉल वाले अतिथियों को छोड़कर सभी के लिए वीआईपी दर्शन व्यवस्था पूर्णतया बंद रहेगी। श्रद्धालुओं को जाम से राहत देने के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस बार वाहनों का आवागमन केवल शाहपुरा-खाटूश्यामजी मार्ग से होगा। वाहन सीधे सांवलपुरा और 52 बीघा पार्किंग में प्रवेश करेंगे। वापसी के समय वाहनों को मंढ़ा मोड़ से होते हुए सीकर-बीकानेर हाईवे की ओर निकाला जाएगा।

प्रशासन का दावा है कि इन व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन का अनुभव मिलेगा।

Next Story