राजस्थान आवासन मंडल की बैठक में कई अहम फैसले, कर्मचारियों को भी राहत

जयपुर: राजस्थान आवासन मंडल की 256वीं संचालक मंडल बैठक में जयपुर की सार्वजनिक सुविधाओं, साइबर सुरक्षा, फॉरेंसिक शिक्षा और कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बुधवार को मंडल अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संस्थागत विकास और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रताप नगर योजना के सेक्टर-16 स्थित कोचिंग हब के टावर संख्या 5, 7 और 8 को नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी तथा केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला के शैक्षणिक और संस्थागत कार्यों के लिए गृह विभाग के माध्यम से आवंटित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा कोचिंग हब के टावर संख्या-6 को आरएसी भवन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित साइबर हेल्पलाइन 1930 कॉल सेंटर के संचालन के लिए आवंटित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इससे साइबर अपराध संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
जयपुर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नगर निगम को प्रताप नगर के सेक्टर-5 में 9,128.72 वर्ग मीटर भूमि निःशुल्क आवंटित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया। इस जमीन पर मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन और आधुनिक गैराज बनाया जाएगा, जिससे कचरा प्रबंधन एवं परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में आवासन मंडल के नियमित कर्मचारियों को वर्ष 2026-27 में पदोन्नति के लिए कार्यानुभव में शिथिलन संबंधी निर्णय को कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। साथ ही उद्यानिकी संवर्ग में आवश्यक पदों के सृजन के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।
इस अवसर पर आवासन आयुक्त अरविन्द पोसवाल, सचिव गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, टी.एस. मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





