राजस्थान

उदयपुर में सनसनीखेज वारदात थार और स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने महिला को कुचला

nidhi
8 Aug 2026 8:45 AM IST
उदयपुर में सनसनीखेज वारदात थार और स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने महिला को कुचला
x
घर के बाहर खड़ी महिला को बदमाशों ने कुचला उदयपुर में थार और स्कॉर्पियो से वारदात

राजस्थान : उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां कपिल विहार कॉलोनी में बदमाशों ने पहले जमकर उत्पात मचाया और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की. इसके बाद विरोध करने घर से बाहर आई एक महिला को तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो से कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई. पूरी वारदात कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.

जानकारी के मुताबिक बदमाश तीन गाड़ियों में सवार होकर कपिल विहार कॉलोनी पहुंचे थे. इनमें एक काली स्कॉर्पियो और दो थार गाड़ियां शामिल थीं. आरोप है कि बदमाशों ने कॉलोनी में खड़ी गाड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की. अचानक हुई इस घटना से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई.
तोड़फोड़ की आवाज सुनकर उर्मिला कुंवर अपने घर से बाहर आईं. इसी दौरान एक काली स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से उनकी तरफ आई और उन्हें टक्कर मार दी. CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि स्कॉर्पियो महिला को टक्कर मारने के बाद आगे बढ़ जाती है. जिससे उर्मिला कुंवर की मौत हो गई.
जानकारी सामने आई थी कि मृतका के बच्चे का आरोपियों के साथ पहले से विवाद चल रहा था. इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है. हालांकि, हत्या की असली वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी.
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस बदमाशों की पहचान करने और पुरानी रंजिश से जुड़े विवाद की भी जांच कर रही है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
Next Story