राजस्थान

जोधपुर-जैसलमेर रेलखंड पर बढ़ाया सुरक्षा घेरा

Admindelhi1
27 Nov 2026 1:55 PM IST
जोधपुर-जैसलमेर रेलखंड पर बढ़ाया सुरक्षा घेरा
x
सुरक्षित रेल संचालन के लिए रेलवे ने उठाया बड़ा कदम

जोधपुर: रेल पटरियों पर मवेशियों की आवाजाही से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है। राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड के संवेदनशील हिस्सों में चैन लिंक फेंसिंग लगाई जा रही है। इसके माध्यम से मवेशियों को रेलवे ट्रैक तक पहुंचने से रोकने और रेल संचालन को अधिक सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ओढानिया चाचा से श्री भादरिया लाठी और श्री भादरिया लाठी से जेठा चांधन रेलवे स्टेशनों के बीच कुल करीब 4.7 किलोमीटर क्षेत्र में अस्थायी फेंसिंग करवाई गई है।

रेलखंड के अन्य संवेदनशील हिस्सों में भी फेंसिंग लगाने का काम जारी है। भविष्य में सुरक्षा घेरे का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे रेलवे ट्रैक के किनारे स्थायी फेंसिंग लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल इंजीनियर संजय पूनिया के अनुसार, सुरक्षा संबंधी निर्माण कार्यों के साथ ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है। स्थानीय पशुपालकों से अपने मवेशियों को रेलवे पटरियों के आसपास नहीं जाने देने की अपील की जा रही है।

रेलवे का उद्देश्य फेंसिंग और जनजागरूकता के माध्यम से मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना तथा सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना है।

Next Story