राजस्थान

कबाड़ बना कमाई का जरिया, अजमेर मंडल ने जुटाए 33.91 करोड़

Admindelhi1
12 Nov 2026 4:29 PM IST
कबाड़ बना कमाई का जरिया, अजमेर मंडल ने जुटाए 33.91 करोड़
x
अजमेर रेल मंडल मालामाल, कबाड़ से कमाए 33.91 करोड़ रुपये

अजमेर: भारतीय रेलवे ने स्वच्छता और कार्यकुशलता को बढ़ावा देते हुए कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण से 628.49 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया है। देशभर में 2 से 31 अक्टूबर तक चलाए गए 'विशेष अभियान 6' के तहत यह बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। इस राष्ट्रीय अभियान में उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चालू वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों में ही 33.91 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन व मंडल के विभिन्न विभागों के सहयोग से वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक बंशीलाल मीणा के निर्देशन में कबाड़ निस्तारण के मामले में अजमेर मंडल ने भी उल्लेखनीय राजस्व अर्जित किया है। अजमेर मंडल ने अक्टूबर माह में ही कबाड़ बिक्री से 10.94 करोड़ रुपए कमाए । वहीं चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर तक यह आंकड़ा 33.91 करोड़ रुपए तक पहुंच गया अर्थात अजमेर मंडल ने सात माह में ही 33.91 करोड़ जुटाए। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में हुई ई-नीलामी में 10 लॉट के तहत 703.083 टन कबाड़ की बिक्री से 3.095 करोड़ रुपये की आय हुई। इससे रेलवे परिसरों में अनुपयोगी सामग्री हटने के साथ खाली जगह का बेहतर उपयोग भी संभव हुआ।

Next Story