राजस्थान

Sawai Madhopur: एसआई भर्ती की तैयारी के दौरान कांस्टेबल का निधन

Admindelhi1
29 Jun 2026 10:36 AM IST
Sawai Madhopur: एसआई भर्ती की तैयारी के दौरान कांस्टेबल का निधन
x
एसआई बनने का सपना अधूरा, कांस्टेबल का निधन

सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल कुंजीलाल मीणा (35) की एसआई भर्ती परीक्षा की शारीरिक तैयारी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना शनिवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड की है।

गंभीरा गांव निवासी कुंजीलाल मीणा वर्ष 2011 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और इन दिनों सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के फिजिकल टेस्ट की तैयारी कर रहे थे। शनिवार शाम दौड़ पूरी करने के बाद एक्सरसाइज के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मैदान में अचेत होकर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मीणा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को पैतृक गांव गंभीरा में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। कुंजीलाल अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटी का जन्म करीब चार माह पहले हुआ था।

Next Story