अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें सरपंच: अर्जुन राम मेघवाल

बीकानेर: संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मैदान में नवनिर्वाचित सरपंचों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सरपंचों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझने और बिना किसी भेदभाव के ग्रामीण विकास योजनाओं को लागू करने का आह्वान किया।
मेघवाल ने भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया। उन्होंने सरपंचों को संविधान की प्रति, डायरी, पेन तथा अधिकारों, कर्तव्यों और सरकारी योजनाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल नहीं हो पाए सरपंचों को भी आगामी 26 जनवरी तक यह सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम संयोजक रवि शेखर मेघवाल ने संविधान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और संवैधानिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया। समारोह में अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।





