
जयपुर। राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में रविवार को आयोजित अखिल भारतीय रैगर महासभा के 7वें राष्ट्रीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शिरकत की। सीएम गहलोत ने दीप प्रज्ज्वलित कर रैगर महासभा के 7वें सम्मेलन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम गहलोत ने कहा कि प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी को नेहरूजी का नाम लेने में शर्म आती है। लेकिन, देश के विकास की नींव रखने वालों को हमें कभी नहीं भूलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज आज देश में हालात चिंताजनक है। दलित वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। हम चाहते है दलित वर्ग को न्याय मिले और उनके साथ अच्याचार ना हो। छूआछूत मानवता के लिए कलंकित है। ये व्यवस्थाएं लंबे समय से चली आ रही है। लेकिन, अब समय आ गया है कि इनका अंत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार में हो या ना हो, संविधान को आधार मानकर काम करती आ रही है। इसलिए आजादी के 76 साल के बाद भी देश में लोकतंत्र कायम है। पाकिस्तान की तरह देश टुकड़ों में नहीं बंटा है। आज 135 करोड़ से ज्यादा आबादी हो गई है, हमारे मुल्क में एकता है।
बीजेपी पर भी बोला तीखा हमला
सीएम गहलोत ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी गांधी परिवार पर वंशवाद का आरोप लगाती आ रही है। लेकिन, सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद छोड़कर मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया। अब गांधी परिवार ने कांग्रेस का अध्यक्ष पद भी छोड़ दिया। राहुल गांधी महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे है। उनकी इस यात्रा में लाखों लोग शामिल हो रहे है। पहले मीडिया भी केंद्र का दबाव था, जो अब कम हुआ है। अब मीडिया राहुल गांधी की यात्रा को भी कवर कर रहा है। राहुल गांधी की दादी व पिता की हत्या हुई तब भी वो आज सड़कों पर चल रहे है।
राजीव गांधी से पहले गांवों दलित को नहीं बनने देते थे सरपंच
उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो पंडित नेहरू का नाम भूल सकते है, लेकिन देश नेहरू को नहीं भूल सकता है। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश के विकास की नींव रखी थी। लेकिन, प्रधानमंत्री मोदी को नेहरू का नाम लेने में शर्म आती है। बाबा साहेब ने छुआछुत का अंत करने के लिए काफी संघर्ष किया। हम देश के लिए त्याग करने वाले क्रांतिकारियों को कभी नहीं भूल सकते है। उन्हीं की वजह से हमारा देश आजाद हो पाया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी से पहले गांवों में कोई सरपंच भी नहीं बनने देता था, आज कितने दलित और महिलाएं पंच सरपंच बन गए, ये राजीव गांधी की ही देन हैं। रैगर समाज को बालिका छात्रावास के लिए जमीन देने का आश्वासन दिया।
MLA मांगते-मांगते थक जाएंगे, मैं देते-देते नहीं थकूंगा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास शानदार रहा है। कांग्रेस लगातार दलितों के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। हाल जैसलमेर के रामदेवरा में आपकी ही मांग पर शानदार हॉस्टल बना, जिसका उद्धाटन भी मैंने ही किया था। जो मांगा हमने हमेशा देने का प्रयास किया। अगर आप मांगने में खुद ही कंजूसी करते हो तो मैं क्या कर सकता हूं। मैंने सभी विधायकों को कह रखा है कि आप जो मुझसे मांगोगे वो मांगते-मांगते थक जाओगे, लेकिन मैं देते-देते नहीं थकूंगा। लोगों को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि मैं आपके ऊपर अहसान नहीं कर रहा हूं। जनता ही सरकार की माईबाप होती है। कोरोना काल के प्रबंधन की पूरे देश ही नहीं दुनिया ने राजस्थान की तारीफ की। चिरंजीवी योजना इतनी क्रांतिकारी योजना हैं जो जनता को लाखों रुपए का इलाज मुफ्त प्रदान करा रही।
ST व SC को उद्योगों में लाभ देने की योजना बनाई
उन्होंने कहा हमारी सरकार हमेशा संविधान को मजबूत करेगी। हम सब मिलकर राजस्थान के विकास में भागीदारी निभाए। उद्योग को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान समिट आयोजित किया गया। 200 बच्चों को पढ़ने के लिए विदेश भेज रहे है। डॉ. अंबेडकर के नाम से ST व SC को उद्योगों में लाभ देने की योजना बनाई है। इससे पहले महासभा के पदाधिकारियों ने सीएम अशोक गहलोत का भव्य स्वागत किया। इस दौरान राजस्थान की देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत, उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, ओएसडी लोकेश शर्मा, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, खाद्य मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास सहित कई मंत्री मौजूद रहे। इनके अलावा इस कार्यक्रम में राजस्थान, दिल्ली, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र सहित देशभर से कई लोगों ने शिरकत की।
