राजस्थान

नन्हे फरिश्तों के लिए आरपीएफ का अभियान बना मददगार

Admindelhi1
24 Sept 2026 11:30 AM IST
नन्हे फरिश्तों के लिए आरपीएफ का अभियान बना मददगार
x
बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचा रहा आरपीएफ का अभियान

जोधपुर: फलोदी में परिवार से बिछड़े एक मासूम को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही थी। आशंका थी कि वह अनजाने में किसी ट्रेन में सवार हो गया है। सूचना मिलते ही जोधपुर रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत उसकी तलाश शुरू कर दी। ट्रेन के समय के आधार पर बालक के ट्रेन संख्या 04862 में सवार होने की संभावना जताई गई। इसके बाद संबंधित आरपीएफ पोस्टों को सूचना देकर विभिन्न स्टेशनों पर तलाश शुरू की गई और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि तलाश के दौरान जोधपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर आरपीएफ टीओपीबी टीम के हेड कांस्टेबल संजय बिश्नोई ने बालक को देखा। पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया के बाद उसके वही बालक होने की पुष्टि हुई, जिसकी तलाश की जा रही थी। इसके बाद परिजनों को तत्काल सूचना दी गई। कुछ देर बाद परिजन आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और बालक को सुरक्षित देखकर उनकी चिंता खुशी में बदल गई। परिजनों ने आरपीएफ टीम का आभार जताया। बाल कल्याण समिति को भी सूचना दी गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने आरपीएफ टीम की सजगता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। रेलवे का ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ परिवार से बिछड़े बच्चों को सुरक्षित खोजकर उनके परिजनों से मिलाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।

Next Story