
x
हनुमानगढ़। शादी के करीब डेढ़ माह बाद लुटेरी दुल्हन परिवार को खाने में नींद की गोलियां देकर लाखों रुपए के गहने व नगदी लेकर फरार हो गई। सुबह नींद खुलने पर ससुराल पक्ष के लोगों को इसका पता चला तो उन्होंने लड़की के परिजनों से बात की। मामला राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले का है। हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जब लड़के के परिवार वालों ने दुल्हन लड़की के परिवार वालों से बात की तो पता चला कि उन्होंने गिरोह बना रखा है, जो भोले-भाले लोगों को शादी के नाम पर ठगी का शिकार बनाता है। अपने साथ हुई ठगी का पता चलने पर वर के पिता ने टाउन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र सौंपा लेकिन पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई अन्य कानूनी कार्रवाई। इस पर वर के पिता ने बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर मुकदमा दर्ज करवाकर न्याय की गुहार लगाई।
जानकारी अनुसार पीड़ित सीताराम ने बताया कि उसके पुत्र पवन को कोई रिश्ता नहीं हो रहा था। इसी बीच उसके रिश्तेदार काले पुत्र किशनलाल निवासी ने बताया कि उसके परिचित महेन्द्र सोरगर उसकी भांजी नीलम की शादी नहीं हो रही है। वहां रिश्ता करवा देता हूं। जिसके बाद लड़के का पिता अपने बेटे के रिश्ते के लिए राजी हो गया। जिसके बाद दोनों की शादी करवा दी गई। शादी के कुछ दिनों बाद दोनों में झगड़ा होने लगा।
जानकारी अनुसार कुछ दिन पहले दुल्हन ने ससुराल वालों के खाने में नींद की गोलियां मिला दी। जिसके बाद परिवार सोता रह गया और दुल्हन 2 लाख 10 हजार की नगदी व करीब एक लाख कीमत के सोने के जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने लुटेरी दुल्हन को ढूंढने के जिला पुलिस अधीक्षक को गुहार लगाई है।
Next Story