राजस्थान

Rising Rajasthan इम्पेक्ट 1.0 निवेश उत्सव के साथ राजस्थान उत्सव का समापन

Tara Tandi
31 March 2025 6:49 PM IST
Rising Rajasthan इम्पेक्ट 1.0 निवेश उत्सव के साथ राजस्थान उत्सव का समापन
x
Baran बारां । राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला में अंतिम राज्य स्तरीय कार्यक्रम राइजिंग राजस्थान इम्पैक्ट 1.0 राजधानी जयपुर में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिलों में किया गया। जिसमें राजनैतिक प्रतिनिधिगण, व्यवसायी, निवेशक और जिलों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से संवाद किया और राज्य में राईजिंग राजस्थान में अब तक हुए 3 लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट की ग्राउण्ड ब्रेकिंग, लॉजिस्टिक, डेटा सेंटर एवं टेक्सटाइल पॉलिसी का विमोचन, राइजिंग राजस्थान निवेश प्रस्तावों की मानिटरिंग व ट्रेकिंग हेतु मोबाइल एप, निवेशकों को भू आवंटन पत्र व डिमाण्ड नोट का वितरण, राजस्थान फाउण्डेशन के नवीन अध्याय की शुरूआत करने के दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही उन्होंने राईजिंग राजस्थान का न्यूज लेटर का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा पहले ही वर्ष में निवेशकों को आमंत्रित करने के पीछे मूल उद्देश्य राजस्थान को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना है।
उन्होंने कहा कि अभी तो ये शुरूआत मात्र है। आने वाले समय में राजस्थान को केवल हवेलियों, रेगिस्तान और पर्यटन के लिए ही नहीं बल्कि औद्योगिक नगरी के प्रदेश के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समिट का उद्देश्य प्रदेश में निवेश के अवसरों को बढ़ाना, आर्थिक विकास को सुदृढ़ करना, ग्लोबल पार्टनरशिप के माध्यम से स्टार्टअप द्वारा इको सिस्टम को बढ़ावा देना है।
वहीं जिला स्तर पर इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के बाद जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बैठक में उपस्थित सभी निवेशकों और व्यवसायियों से जिले में और अधिक निवेश के अवसर पैदा करने के लिए चर्चा की। उन्होंने जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक रवीन्द्र वर्मा को निर्देश दिए कि जिले में किसी भी निवेशकर्ता को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी निवेशकों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही विशेष शिविर लगाकर उन्हें निवेश पोर्टल और निवेश प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए।
Next Story