राजस्थान

247 कृषि उपज मंडियों समेत चावल और दाल मिलें रहीं बंद

Admin4
16 July 2022 8:11 PM IST
247 कृषि उपज मंडियों समेत चावल और दाल मिलें रहीं बंद
x

जयपुर. केंद्र सरकार ने आवश्यक खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी लगाने की तैयारी कर ली है, जिसके बाद भारतीय उद्योग व्यापार मंडल इसके विरोध में उतर गया है. भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले शनिवार को देश भर में विभिन्न व्यापारिक संस्थानों ने अपना व्यापार बंद रखकर जीएसटी लगाने का विरोध किया. भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का कहना है कि यदि आवश्यक खाद्य वस्तुओं पर जीएसटी लगाई जाती है तो एक बड़ा व्यापारी वर्ग इससे प्रभावित होगा.भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय चेयरमैन बाबूलाल गुप्ता का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाने के विरोध में देशभर की अनाज मंडी, दाल मिलें, चावल मिलें और आटा चक्की बंद हैं. उनका कहना है कि हाल ही में जीएसटी काउंसिल की बैठक में आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स लगाने की अनुशंसा की गई है, जिसमें गेहूं, आटा, दाल, चावल, गुड़, शहद ,बटर आदि वस्तुओं को शामिल किया गया है.

राजस्थान की स्थिति: प्रदेश की बात करें तो जीएसटी के इस नए प्रावधान के विरोध में शनिवार को प्रदेशभर की 247 कृषि उपज मंडी बंद रही. इसके अलावा 140 चावल मिलों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा, जबकि 500 से अधिक आटा मिलें भी इस बंद में शामिल रहे. मामले को लेकर जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स लगने के बाद इसका असर सीधे तौर पर आम जनता पर पड़ेगा. फैक्ट्री से निकलने के बाद आम जनता तक पहुंचते-पहुंचते इस पर टैक्स 5 फ़ीसदी नहीं बल्कि 7 फ़ीसदी तक हो जाएगा. वहीं दाल कारोबारी सुरेश सैनी का कहना है कि मौजूदा समय में दालों की कीमतें आसमान पर हैं और अब यदि दालों को भी जीएसटी में शामिल किया जाएगा तो इनके दाम 8 से 10 रुपए प्रति किलो बढ़ जाएंगे.

जयपुर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन : जीएसटी के प्रावधानों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की ओर से भी राजधानी जयपुर में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की ओर से जयपुर शहर में शनिवार को प्रदर्शन किया. जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास ने रविवार को भी जयपुर शहर के सभी 250 वार्ड में प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया. प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि वह केंद्र सरकार की आम आदमी के खाने-पीने की चीजों पर लगाई गई जीएसटी के खिलाफ न केवल प्रदर्शन करेंगे बल्कि कांग्रेस नेताओं के साथ जयपुर में पदयात्रा भी निकालेंगे.

Next Story