राजस्थान

बीकानेर में ग्रेपफ्रूट की नई किस्मों पर शोध, किसानों को मिलेगा व्यावसायिक विकल्प

Admindelhi1
26 Nov 2026 1:06 PM IST
बीकानेर में ग्रेपफ्रूट की नई किस्मों पर शोध, किसानों को मिलेगा व्यावसायिक विकल्प
x
विटामिन-C से भरपूर ग्रेपफ्रूट बन सकता है किसानों की अतिरिक्त कमाई का जरिया

बीकानेर: शुष्क एवं अर्द्ध-शुष्क क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान (ICAR-CIAH) में ग्रेपफ्रूट सहित विभिन्न नींबू वर्गीय फलों की किस्मों पर अनुसंधान किया जा रहा है।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहायक महानिदेशक डॉ. विश्व बंधु पटेल एवं अनुसंधान सलाहकार परिषद के सदस्यों ने संस्थान के अनुसंधान प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रेपफ्रूट की उत्पादन क्षमता और पौष्टिक गुणों को देखते हुए इसकी व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

वैज्ञानिक रेड ब्लश, डंकन, मार्श सीडलेस और रूबी रेड सहित विभिन्न किस्मों की उपज, गुणवत्ता और शुष्क जलवायु में अनुकूलता का परीक्षण कर रहे हैं। इसके अलावा मीठे संतरे की तुड़ाई अवधि बढ़ाने के लिए भी विभिन्न किस्मों पर शोध जारी है।

प्रधान वैज्ञानिक डॉ. मुकेश बेरवाल के अनुसार, ग्रेपफ्रूट विटामिन-C, पोटैशियम, आहारीय रेशे और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर फल है। अनुसंधान के सकारात्मक परिणाम मिलने पर इसकी व्यावसायिक खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती है।

Next Story