राजस्थान

राजस्थान में 337 पदों पर नियुक्ति को राहत, हाईकोर्ट का फैसला बरकरार

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:33 PM IST
राजस्थान में 337 पदों पर नियुक्ति को राहत, हाईकोर्ट का फैसला बरकरार
x
मेडिकल कॉलेजों में भर्ती का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

जयपुर: राजस्थान के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 337 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने भर्ती प्रक्रिया को चुनौती देने वाली विशेष अनुमति याचिका (SLP) खारिज कर दी है। जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस वीएम पंचोली की खंडपीठ ने अमित कुमार शर्मा व अन्य की याचिका पर यह आदेश दिया।

विवाद राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की चयन प्रक्रिया में निर्धारित वेटेज को लेकर था। भर्ती में स्क्रीनिंग टेस्ट को 40 प्रतिशत, शैक्षणिक योग्यता को 20 प्रतिशत और साक्षात्कार को 40 प्रतिशत वेटेज दिया गया था। याचिकाकर्ताओं ने साक्षात्कार का वेटेज अधिकतम 10 प्रतिशत निर्धारित करने वाले बाद के नियम संशोधन को लागू करने की मांग की थी।

राजस्थान हाईकोर्ट ने 27 अक्टूबर को चयन प्रक्रिया को वैध ठहराते हुए स्पष्ट किया था कि भर्ती में 27 नवंबर 2021 को विज्ञापन जारी होने के समय लागू नियम ही प्रभावी होंगे। सुप्रीम कोर्ट में इस फैसले को चुनौती दी गई थी।

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि 43 विशेषज्ञताओं में 337 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कई चयनित अभ्यर्थी कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं, जबकि शेष की नियुक्ति प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी करने की जानकारी दी गई।

Next Story