राजस्थान

अजमेर में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म

Admin Delhi 1
3 Aug 2023 11:38 AM GMT
अजमेर में शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म
x

अजमेर: अजमेर में 23 साल की युवती को शादी का झांसा देकर रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़िता से सोशल मीडिया पर दोस्ती कर नज़दीकियां बढ़ाई और बाद में अलग-अलग कारण बताकर 1 लाख 70 हजार रुपए हड़प लिए। पीड़िता ने आरोपी के दोस्तों पर भी धमकियां देने का आरोप लगाया। पीड़िता के द्वारा मामले की शिकायत आदर्श नगर थाने में दी गई है। पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आदर्श नगर थाना पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय पीड़िता ने थाने पर दी शिकायत में बताया कि जून 2021 में शशि नाम के युवक से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। दोनों एक दूसरे से मिलने भी लग गए। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जुलाई 2021 में आरोपी युवक ने खुद की मां को बीमार बताकर उससे 3 हजार रुपए ले लिए। बाद में मां की दवाइयों के लिए भी 2 हजार के लिए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी शशि उसे आदर्श नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसका जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उससे कहा कि 'मैं तुमसे प्यार करता हूं.. हम जल्द शादी कर लेंगे'। जिसके बाद पीड़िता आरोपी की बातों में आ गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी कई बार उसे उस रेस्टोरेंट में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इसी दौरान रेस्टोरेंट में उसके कुछ दोस्त वहां मौजूद थे जो उसे भाभी-भाभी कहकर बुलाते थे।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अक्टूबर 2021 में वह दीपावली की सफाई कर रही थी। इसी दौरान उसे घर से उसके पिताजी के 90 हजार रुपए मिली थे। जिसे भी आरोपी ने शादी के बाद घर खर्चे का झांसा देकर हड़प लिए। कई बार उसकी सैलरी भी हड़प ली। पीड़िता के अनुसार आरोपी उससे लगभग 1 लाख 70 हजार रुपए हड़प चुका है। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी के द्वारा उसके साथ मारपीट की गई और वहां से फरार हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी के दोस्तों के द्वारा भी उसे फोन पर अब धमकियां दी जा रही हैं। जिससे वह काफी परेशान है। पीड़िता की शिकायत पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच अलवर गेट थाना प्रभारी श्याम सिंह चारण को दी गई है।

Next Story