
कोटा: शहर की जवाहर नगर थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में चेन छीनने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों से लूट की सोने की चैन व घटना में काम में ली गई बाइक जब्त की है। आरोपी आशीष गुप्ता 34 गायत्री विहार प्रथम बोरखेड़ा का रहने वाला है जबकि गौरव उर्फ जितेंद्र 32 वल्लभबाड़ी गुमानपुरा का निवासी है। आशीष के खिलाफ लूट चोरी, हत्या के 16 मामले व गौरव के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं। दोनों को बापर्दा रखा गया है।
सिटी एसपी शरद चौधरी ने बताया कि 28 जुलाई को तलवंडी निवासी शिक्षा सक्सेना ने शिकायत दी थी। जिसमें बताया कि वह सुबह साढ़े 6 बजे घूम कर आ रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवक आए। उसे गले पर हाथ लगने का एहसास हुआ। उतने में चेन भागते हुए आरोपियों के हाथ में नजर आई। इसके बाद शिकायत की तो पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद इन बदमाशाें की पहचान की गई।





