राजस्थान

Rajsamand: प्री-वेडिंग शूट के दौरान हादसा, युवक की कुंड में डूबने से मौत

Admindelhi1
12 Jun 2026 5:35 PM IST
Rajsamand: प्री-वेडिंग शूट के दौरान हादसा, युवक की कुंड में डूबने से मौत
x
फोटोशूट बना काल, कुंड में डूबने से युवक की दर्दनाक मौत

राजसमंद: राजसमंद जिले के दिवेर थाना क्षेत्र स्थित बागाना ग्राम पंचायत के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गौरीधाम में प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमों ने करीब 20 घंटे तक चले संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव गहरे कुंड से बाहर निकाला।

दिवेर थाना प्रभारी दौलत सिंह के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुरजना चौकी निवासी अर्जुन दमामी अपनी मंगेतर और उसके चाचा के साथ गौरीधाम घूमने आया था। मंदिर पहुंचने के बाद चाचा परिसर में ही रुक गए, जबकि अर्जुन और उसकी मंगेतर फोटोशूट के लिए नीचे प्राकृतिक चट्टानों की ओर चले गए। फोटोशूट के दौरान अर्जुन पानी के निकट पहुंचा और नहाते हुए तस्वीरें खिंचवाने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे पानी से भरे गहरे कुंड में जा गिरा। मंगेतर ने उसे बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचते, उससे पहले ही युवक पानी में समा चुका था।

सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची तथा देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने और पानी की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। अगले दिन गुरुवार को उदयपुर से एसडीआरएफ की विशेष टीम बुलाई गई। संयुक्त अभियान के दौरान दोपहर में शव को कुंड से बाहर निकाला गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और संकरे रास्तों के कारण शव को लगभग 100 फीट ऊंची खड़ी चट्टान तक पहुंचाना रेस्क्यू दल के लिए बड़ी चुनौती साबित हुआ।

अर्जुन की करीब एक माह पहले ही सगाई हुई थी और दिसंबर में विवाह होना तय था। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में शोक की लहर फैल गई। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

Next Story