
x
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जोधपुर में महानायक वीर दुर्गादास की प्रतिमा का अनावरण कर दिया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जोधपुर में महानायक वीर दुर्गादास की प्रतिमा का अनावरण कर दिया। वीर दुर्गादास की प्रतिका का अनावरण उनकी 385वीं जयंती पर किया गया। उनकी घोड़े पर सवार 12 फीट ऊंची प्रतिमा जिले के सालवा कला गांव में बनाई गई है। अष्टधातु से बनी इस प्रतिमा का वजन 1400 किलो है। जोधपुर के एनआरआई समाजसेवी डॉ. दिलीप करण मुड़ी ने चंदा जुटाकर इस प्रतिका का निर्माण कराया है।
अनावरण कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा, मारवाड़ की धरती ने धर्म, धरा और ध्वजा की हमेशा रक्षा की है। इस धरती ने वीर दुर्गादास जैसे पुत्रों को जन्म दिया है। मारवाड़ के लोगों ने आक्रांताओं से इस धरती, संस्कृति सभ्यता और धरोहरों की रक्षा की है। उन्होंने कहा, मुझे हैरानी है कि मारवाड़ के वीर महापुरुष के गांव में इससे पहले उनकी इतनी भव्य प्रतिमा क्यों नहीं लगवाई गई। वीर दुर्गादासजी का व्यक्तित्व अद्भुत था, स्वामि भक्ति, ईमानदारी और शौर्य उनकी परिभाषा है।
कंटालिया के खान शमशेर ने वीर दुर्गादास की तलाश में उनकी माता जी को यातनाए दीं, लेकिन उन्होंने बेटे का पता नहीं बताया। उनकी मां को मार डाला गया। बदला लेने का समय आया तो दुर्गादासजी ने कहा था कि मैं दुश्मन की मां, बहन और बेटी को नहीं मारूंगा। मुझसे उम्र में बड़ी हर महिला हमारी मां, बराबर की बहन और छोटी उम्र की लड़कियां बेटी हैं। कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने प्रतिमा लगवाने के लिए समाजसेवी दिलीप करण की तरीफ की। उन्होंने कहा दिलीप करण ने बहुत ही नेक काम किया है। 37 साल तक अमेरिका में रहने के बाद भी उन्हें अभिमान नहीं है। प्रतिमा लगाकर उन्होंने एक पुनीत कार्य किया है। इससे पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जोधपुर पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया था। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शेखावत , सांसद पीपी चौधरी, राजेंद्र गहलोत और विनीता सेठ सहित अन्य नेता मौजूद थे।

Rani Sahu
Next Story