
जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व, मार्गदर्शन और जनकल्याणकारी विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार प्रदेश को विकास, सुशासन, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावी कार्यशैली और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का परिचय देते हुए 12 राष्ट्रीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों में प्रथम, 10 में द्वितीय तथा 8 में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता, प्रशासनिक दक्षता और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का सुखद परिणाम है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 में 2.18 करोड़ तथा रबी 2025-26 में 1.71 करोड़ पॉलिसियों के साथ राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा है। वहीं, पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए के अंतर्गत अक्षय एवं सौर ऊर्जा की स्थापना तथा कंपोनेंट-सी के अंतर्गत सौरकृत फीडरों की संख्या में भी राज्य ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर राजस्थान में 62 हजार 915 स्थलों पर 85 लाख से अधिक लोगों की सहभागिता दर्ज की गई, जो देश में सर्वाधिक रही। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 में लक्षित इकाइयों के रूपांतरण तथा पोषण पखवाड़ा 2026 की गतिविधियों में भी राजस्थान देशभर में प्रथम स्थान पर रहा है।
फिट इंडिया फ्रीडम रन 2024 के अंतर्गत देश में आयोजित 10 हजार 443 कार्यक्रमों में से 6 हजार से अधिक कार्यक्रम राजस्थान में आयोजित हुए। वहीं, विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान 11 हजार 209 शिविरों के माध्यम से 5.94 लाख उज्ज्वला कनेक्शन प्रदान किए जाने के साथ राजस्थान देश में प्रथम रहा।
धरती आबा जनभागीदारी अभियान में राजस्थान को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट के रूप में प्रथम स्थान मिला। वहीं, वर्ष 2025 में अंगदान एवं प्रत्यारोपण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार और प्रथम स्थान प्राप्त करना भी राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा विशेष तंबाकू निषेध पुरस्कार 2026 तथा खनिज ब्लॉकों की नीलामी में अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए राजस्थान को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
राजस्थान ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की फरवरी 2026 की रैंकिंग, पोषण माह 2025 की गतिविधियों, नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के अंतर्गत आभा आईडी बनाने तथा पीएम विश्वकर्मा योजना में कौशल प्रशिक्षण, ऋण स्वीकृति एवं वितरण जैसे क्षेत्रों में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही, वीबी-जी राम जी कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 97 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ होने के आधार पर मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना के मई 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रदेश ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की लंबाई के आधार पर और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में रूफटॉप सोलर के आवेदन, इंस्टॉलेशन, निरीक्षण एवं वेंडर पंजीकरण के क्षेत्र में राजस्थान को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। डेयरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए मिलने वाले राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार में राज्य को श्रेष्ठ डेयरी कॉपरेटिव सोसाइटी एवं श्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। वहीं, कृषि विभाग को प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस रजत पुरस्कार मिला है।
प्रदेश ने पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-बी तथा सौरकृत पंपों की संख्या के आधार पर कंपोनेंट सी-एफएलएस में देश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत सक्रिय श्रमिकों की संख्या, सृजित मानव दिवस तथा सक्रिय जॉब कार्ड के आधार पर और टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान 2024 में ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने, 100 दिवसीय अभियान, संचार एवं सामाजिक सहभागिता गतिविधियों में राज्य तीसरे स्थान पर रहा। राजस्थान ने नेशनल प्रोग्राम फॉर पैलिएटिव केयर में उत्कृष्ट योगदान, जल संचय जनभागीदारी 1.0 अभियान के उल्लेखनीय क्रियान्वयन तथा एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम के क्रियान्वयन में देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सुशासन, जनकल्याण और विकास की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचे तथा राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और अधिक मजबूत करें।





