
x
Jodhpur जोधपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जोधपुर के रामलीला मैदान में आयोजित पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव 2026 का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मेले में लगी स्टॉल व 'ऑपरेशन सिंदूर' थीम पर आधारित विशेष डोम का अवलोकन किया। 25 दिसंबर से शुरू हुए इस 10 दिवसीय उत्सव में 15 डैम में 800 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिसमें उद्योग हस्तशिल्प, पंच गौरव उत्पादन और सैन्य हथियारों की प्रदर्शनी शामिल है। वहीं, सीएम भजनलाल शर्मा ने पश्चिमी राजस्थान हस्तशिल्प उत्सव मेले में दो एंबुलेंस और 41 स्कूटी का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सिर्फ ट्विटर मास्टर बन कर रह गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली गवर्नमेंट में कहीं पेपर लीक हुए, लेकिन हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के 5 साल और हमारी सरकार के 2 साल के कामकाजों का लेखा-जोखा करके देख लीजिए, हमारी सरकार ने बेहतरीन कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के जल संकट को लेकर कहा कि पूर्ववर्ती सरकार हमेशा कहती रही कि हम राजस्थान के लिए पानी लेकर आएंगे। वे पानी लाने का जिक्र करते रहे, लेकिन हम राजस्थान में जल को लेकर कार्य कर रहे हैं और जल्द से जुड़ी योजनाओं को हम धरातल पर उतारेंगे।
उन्होंने मंच से आत्मनिर्भर भारत और युवा उद्यमी पर बोलते हुए कहा कि हमने युवाओं को रोजगार दिया है। राजस्थान के युवा रोजगार देने वाले बने हैं। राजस्थान सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि आज जोधपुर में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित 'पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव' के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। लघु उद्योग भारती राजस्थान के हस्तशिल्प उद्यमियों और कारीगरों को सशक्त बनाने में अतुलनीय योगदान दे रहा है। संगठन द्वारा प्रशिक्षण, विपणन और नवाचार के माध्यम से कारीगरों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान की हस्तशिल्प परंपरा हमारी सांस्कृतिक पहचान ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव भी है। यहां के कारीगरों की कला, मेहनत और नवाचार वैश्विक स्तर पर भारतीय शिल्प को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि हस्तशिल्प उत्सव में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर, पश्चिमी राजस्थान के उद्यमियों और कारीगरों की अद्वितीय प्रतिभा, कौशल और नवाचार की उत्कृष्ट अभिव्यक्ति से अभिभूत हुआ। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक सरोकार को प्राथमिकता देते हुए जीवनदायिनी एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई और दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए उन्हें स्कूटी वितरित की। यह उत्सव हमारे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को सशक्त बनाने और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Tagsजोधपुरभजनलाल शर्मापश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव 2026रामलीला मैदानहस्तशिल्प मेलाएमएसएमईआत्मनिर्भर भारतएंबुलेंस वितरणदिव्यांग स्कूटीकांग्रेस पर हमलाजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





