राजस्थान

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान के उद्यमियों को मिला मंच, निवेश के अवसरों का भी प्रदर्शन

Admindelhi1
14 Nov 2026 1:34 PM IST
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान के उद्यमियों को मिला मंच, निवेश के अवसरों का भी प्रदर्शन
x
राजस्थान मंडप में हस्तशिल्प और पर्यटन का संगम, राजीविका उद्यमियों ने लगाए 45 स्टॉल

जयपुर: लाख की रंग-बिरंगी चूड़ियां, जयपुरी रजाइयां, पारंपरिक मोजड़ियां और राजस्थान के प्रसिद्ध हस्तशिल्प उत्पाद। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में शुरू हुए भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान मंडप प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और व्यावसायिक संभावनाओं की अनूठी तस्वीर पेश कर रहा है। शुक्रवार से शुरू हुए 15 दिवसीय 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार राजस्थान मंडप को नए रंग-रूप में तैयार किया गया है। करीब एक हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले मंडप में राजीविका से जुड़े उद्यमियों ने लगभग 45 स्टॉल लगाए हैं।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसी थीम के अनुरूप राजस्थान मंडप में प्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, पर्यटन और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।

राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आए राजीविका से जुड़े उद्यमियों को मंडप में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। यहां प्रदेश की पहचान से जुड़े पारंपरिक उत्पादों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।

मंडप में लाख की चूड़ियों के साथ महिलाओं के श्रृंगार से जुड़े विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अलावा जयपुरी रजाइयां, टैक्सटाइल्स, चद्दरें और पारंपरिक मोजड़ियां भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र हैं। इन उत्पादों के माध्यम से राजस्थान की हस्तशिल्प परंपरा और स्थानीय उद्यमियों के कार्यों को देश-विदेश से आने वाले लोगों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।

भारत मंडपम के हॉल नंबर-3 के भूतल पर स्थित राजस्थान मंडप में जयपुर के स्थापना दिवस को भी विशेष स्थान दिया गया है। आगामी 18 नवंबर को जयपुर के 300वें स्थापना दिवस के अवसर को ध्यान में रखते हुए मंडप में एक बड़ा चित्र पैनल तैयार किया गया है। इसके माध्यम से जयपुर की स्थापना से जुड़े इस विशेष अवसर को प्रदर्शित किया गया है।

राजस्थान मंडप में पारंपरिक उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत के साथ प्रदेश में निवेश एवं कारोबार की संभावनाओं को भी प्रमुखता दी गई है। निवेशकों और कारोबारियों को राजस्थान में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों की जानकारी देने के लिए मंडप में बिजनेस इन्फॉर्मेशन सेंटर स्थापित किया गया है।

राजस्थान मंडप के निदेशक हर्ष शर्मा ने बताया कि मंडप के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों और उद्यमियों को देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही निवेशकों को राजस्थान में उपलब्ध निवेश के अवसरों से अवगत कराने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

मंडप के बाहरी क्षेत्र में राजस्थान पर्यटन की ओर से चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। राजस्थान की पर्यटन पहचान को आगंतुकों तक पहुंचाने के लिए इस प्रदर्शनी को मंडप का हिस्सा बनाया गया है।

वहीं, मंडप के मध्य भाग में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें राज्य सरकार द्वारा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

रीको की प्रदर्शनी और बिजनेस इन्फॉर्मेशन सेंटर के माध्यम से प्रदेश के औद्योगिक विकास तथा व्यावसायिक अवसरों को निवेशकों और कारोबारियों के सामने रखा जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान मंडप के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों और राजीविका से जुड़े उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच मिला है। वहीं पर्यटन स्थलों की चित्र प्रदर्शनी, जयपुर के स्थापना दिवस का विशेष पैनल और औद्योगिक योजनाओं की जानकारी मंडप को विविधतापूर्ण स्वरूप प्रदान कर रही है।

15 दिवसीय व्यापार मेले में राजस्थान मंडप प्रदेश की पारंपरिक विरासत और विकास की संभावनाओं को एक साथ प्रस्तुत कर रहा है। हस्तशिल्प उत्पादों से लेकर पर्यटन और निवेश के अवसरों तक राजस्थान की विभिन्न विशेषताओं को इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया गया है।

Next Story