राजस्थान

राजस्थान के मुख्य सचिव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश की शासन सूचकांक की रूपरेखा

Admindelhi1
16 Oct 2026 12:15 PM IST
राजस्थान के मुख्य सचिव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश की शासन सूचकांक की रूपरेखा
x
एथेंस में वैश्विक शासन सूचकांक की रूपरेखा का हुआ अनावरण

जयपुर: राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को ग्रीस की राजधानी एथेंस में आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक रूपरेखा का अनावरण किया। इस पहल के माध्यम से दुनिया के 164 देशों की शासन व्यवस्था का आकलन कर सार्वजनिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और उनमें सुधार की संभावनाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।

यह सूचकांक 50 संकेतकों और आठ स्रोतों के आधार पर शासन के छह प्रमुख आयामों का मूल्यांकन करेगा। इसका उद्देश्य विभिन्न देशों की शासन प्रणालियों का तुलनात्मक अध्ययन करने, प्रशासनिक व्यवस्था की मजबूती को समझने और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान के लिए वैश्विक स्तर पर एक साझा आधार उपलब्ध कराना है।

एथेंस में आयोजित यह कार्यक्रम इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स एंड इंस्टीट्यूट्स ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (आईएएसआईए) के वर्ष 2026 के सम्मेलन के दौरान हुआ।

आईआईएएस के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास के नेतृत्व में विकसित इस सूचकांक पर संस्थान की शोध परियोजना के तहत काम किया गया है। संस्थान के वैज्ञानिक निदेशक डॉ. मार्को डे ला क्रूज विभिन्न देशों की शासन व्यवस्थाओं का आकलन कर रहे हैं।

इस पहल का उद्देश्य शासन सुधारों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद को बढ़ावा देना और प्रशासनिक अध्ययन के क्षेत्र में आईआईएएस की भूमिका को मजबूत करना है। सूचकांक की प्रारंभिक रूपरेखा प्रस्तुत किए जाने के बाद इसका औपचारिक शुभारंभ सियोल में आयोजित होने वाले आईआईएएस-2026 सम्मेलन में किया जाएगा। वहां आकलन की विस्तृत पद्धति, प्रमुख निष्कर्ष और विभिन्न देशों की तुलनात्मक स्थिति सामने रखी जाएगी।

Next Story