राजस्थान

16 जुलाई से गहलोत सरकार के खिलाफ "नहीं सहेगा राजस्थान" आंदोलन चलाया जायेगा

Shreya
14 July 2023 3:53 AM GMT
16 जुलाई से गहलोत सरकार के खिलाफ नहीं सहेगा राजस्थान आंदोलन चलाया जायेगा
x

जयपुर। कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा द्वारा प्रदेशव्यापी ‘‘नहीं सहेगा राजस्थान’’ आंदोलन चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम की शुरूआत 16 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जयपुर के चंदन वाटिका में सभा से करेंगे। इस दौरान जयपुर शहर, जयपुर उत्तर और जयपुर दक्षिण के कार्यकर्ता एवं आम जनता उपस्थित रहेगी। इसके पश्चात सभी संभागों और जिलों में इस आंदोलन को शुरू किया जाएगा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि ‘‘नहीं सहेगा राजस्थान’’आंदोलन गहलोत सरकार की लूट और झूठ के खिलाफ जनता की आवाज बनेगा। मुख्य कार्यक्रम 16 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में होगा। इसमें आंदोलन से संबधित ऑडियो, वीडियो और पोस्टर का विमोचन भी किया जाएगा। यह आंदालेन जयपुर से शुरू होकर संभाग और प्रत्येक विधानसभा स्तर तक किया जाएगा। जिसकी अलग से एक वेबसाईट भी लांच की जाएगी। वेबसाईट पर प्रदेश स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक आंदोलन से जुडी तमाम जानकारियां मिलेंगी। यह आंदोलन प्रदेशभर में आगामी एक अगस्त तक चलेगा।

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहाकि ‘‘नहीं सहेगा राजस्थान’’ आंदोलन के दौरान 15 दिन तक विधानसभा, चौपाल, ढाणी और वार्ड स्तर तक धरना प्रदर्शन सभाएं आदि कार्यक्रम होंगे। जिसमें प्रत्येक विधानसभा में एफआईआर कैंप लगाए जाएंगे। गहलोत सरकार की नाकामयाबी पर ‘‘फेल कार्ड’’ का गांव-गांव और ढाणी के हर घर तक वितरण होगा। प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा स्तर पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार की जाएगी। इन सभी कार्यक्रमों का दायित्व युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा को सौंपा गया है।

आंदोलन की रूपरेखा के लिए राज्य स्तरीय समिति गठितः

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि आंदोलन की रूपरेखा के लिए प्रदेश स्तर पर एक समिति का गठन किया गया हैै। इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंन्द्र गोठवाल को संयोजक और श्रवण बगडी को सह-संयोजक नियुक्त किया है। प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, सांवलाराम देवासी, विधायक फूलसिंह मीणा, बिहारी लाल विश्नोई, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा ओमप्रकाश भडाना, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष युवा मोर्चा हिमांशु शर्मा, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख आनन्द शर्मा, प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया हिरेन्द्र कौशिक, प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा रामकेश मीणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महिला मोर्चा डॉ. अपूर्वा सिंह और प्रदेश मंत्री भानुप्रताप को आंदोलन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

Next Story