राजस्थान

राजस्थान पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, 20 करोड़ की मंजूरी

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:39 PM IST
राजस्थान पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, 20 करोड़ की मंजूरी
x
राजस्थान की हवेलियों और किलों की बदलेगी तस्वीर, सरकार ने तेज की तैयारी

जयपुर: राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को पर्यटन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी पर्यटन परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

बैठक में बताया गया कि जयपुर के जवाहर कला केंद्र में 3 से 6 दिसंबर तक आयोजित होने वाले लोक मंथन-2026 के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। वहीं, 8 दिसंबर को झुंझुनूं के खेतड़ी स्थित होटल अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित होगी। इसमें ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण और नई योजनाओं पर चर्चा होगी।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग की 67 बजट घोषणाओं में से 10 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 33 पर काम जारी है। आमेर-नाहरगढ़ क्षेत्र में 87 प्रतिशत और गैटोर की छतरियों का 95 प्रतिशत विकास कार्य पूरा हो चुका है।

बैठक में ग्रामीण होमस्टे सब्सिडी योजना-2026, शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना और एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा राजस्थान पर्यटन विकास निगम के चार होटलों को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने की योजना की समीक्षा की गई।

दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान आने वाले हर पर्यटक को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार अनुभव उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Next Story