राजस्थान

तेज बारिश से राजस्थान जलमग्न, कोटा बैराज से बढ़ा पानी का बहाव

Saba Naaz
2 July 2025 3:28 PM IST
तेज बारिश से राजस्थान जलमग्न, कोटा बैराज से बढ़ा पानी का बहाव
x
Rajasthan राजस्थान : राजस्थान के कोटा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, अजमेर, बूंदी सहित कई जिलों में बुधवार सुबह से बारिश हो रही है। पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र परिसंचरण तंत्र के रूप में परिवर्तित होने से मानसून ट्रफ लाइन गंगानगर, रोहतक से होकर गुजर रही है।
जिससे प्रदेश में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि कई इलाकों में भारी बारिश से लोगों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा कस्बे में मंगलवार रात से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इसके चलते गूंजली नदी उफान पर है। तेज बारिश के कारण हमेरगंज पुल के 3 से 4 फीट ऊपर से पानी बह रहा है। हाड़ा की मोरवन, खडामा, दौलपुरा, हमेरजंग व केवड़ों का लुहारिया का पंचायत मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। अजमेर के केकड़ी में शोलिया गांव में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में 4-5 फीट बरसात का पानी भर गया। जिससे स्कूल में पानी भरने से छात्र-छात्राओं की छुट्टी करनी पड़ी। स्कूल के कमरों में पानी भर गया। मिड डे मील का पोषाहार भी बरसात की भेंट चढ़ गया।
गांव में चारों तरफ बरसात का पानी भर गया। जिसके चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। कोटा में भारी बारिश के चलते कई घरों में पानी भर गया। चंबल के बांधों में हो रही पानी की आवक के चलते कोटा बैराज के 5 गेट खोले गए हैं। करीब 75,186 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही। बैराज के 4 गेट 15-15 फीट व 1 गेट 5 फीट खोला गया है। कोटा के मोड़क में बाज़ारो में दुकानें पानी मे डूब चुकी है। मोड़क स्थिति दरगाह परिसर में 6 लोग फंस गए। वहीं, मोड़क गांव चौराहा स्थित नाला उफान पर आने से लोग जान जोखिम में डाल कर पार कर रहे है।
Next Story