राजस्थान

राजस्थान मानसून 2022: प्रदेश में प्री-मानसून बारिश से गर्मी से मिली राहत, 25 से 30 जून के बीच राज्य में दस्तक देगा मानसून

Bhumika Sahu
21 Jun 2022 7:50 AM GMT
राजस्थान मानसून 2022: प्रदेश में प्री-मानसून बारिश से गर्मी से मिली राहत, 25 से 30 जून के बीच राज्य में दस्तक देगा मानसून
x
राजस्थान मानसून अपडेट की खबर

जनता से रिश्ता वेब्डेस्क। जयपुर। राजस्थान मानसून अपडेट की खबर में आपको बता दें कि राजस्थान इन दिनों मानसून 2022 की बारिश में भीग रहा है। जयपुर, अजमेर, सवाई माधोपुर, बाड़मेर, बूंदी सहित कई जिलों में जोरदार बारिश हो चुकी है। बीते 24 घंटे के दौरान 12 जिलों में 3 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। राजस्थान में बारिश जानलेवा भी साबित हुई है। जयपुर में दो महिलाओं व बूंदी में एक वनकर्मी की मौत की खबर भी सामने आई है।

प्री-मानसून की बारिश से लोगों का भीषण गर्मी से राहत मिली है। अब लोगों को मानसून के आने का इंतजार है। प्रदेशवासियों को मानसून का अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। राज्य में मानसून की एंट्री कुछ देरी से होगी। अभी मौसम विभाग 25 जून तक मानसून के आने की संभावना व्यक्त की है। लेकिन अब 25 के बाद ही प्रवेश होगा। ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 25 से 30 जून के बीच मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में मानसून कोटा संभाग के पास से होते हुए एमपी पहुंचा है। राज्य में मानसून के प्रवेश करने में कुछ समय लगेगा। 22 जून से कुछ जिलों में प्री मानसून बारिश में कमी आएगी। 23 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क होने लगेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 23 के बाद अगले तीन-चार दिन मौसम शुष्क ही रहेगा। तापमान में भी फिर से वृद्धि होगी मगर लू नहीं चलेगी। मौसम के इस शुष्क चरण के बाद जब फिर से सिस्टम बनेगा, उसके साथ मानसून की एंट्री होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई जिलों में में भारी बारिश की संभावना है। आज पश्चिमी राजस्थान के चार जिले बीकानेर, श्रीगंगानगर, चुरू व हनुमानगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। वहीं सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर व नागौर में भी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद राजस्थान का मौसम शुष्क होगा और 25 से 30 जून के बीच राज्य में मानसून की दस्तक दिखाई दे सकती है।


Next Story