राजस्थान

चंद्रयान-3 पर राजस्थान के मंत्री ने दिया ऐसा बयान, चकरा जाएगा दिमाग

Manish Sahu
23 Aug 2023 2:26 PM GMT
चंद्रयान-3 पर राजस्थान के मंत्री ने दिया ऐसा बयान, चकरा जाएगा दिमाग
x
राजस्थान: भारत के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के महत्वाकांक्षी चंद्र अभियान चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने बुधवार की शाम चंद्रमा की सतह को छू लिया. इसके साथ ही भारत दुनिया में यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन गया है. इसके साथ ही एक और उपलब्धि देश के खाते में जुड़ी, वह यह कि भारत धरती के एकमात्र प्राकृतिक उपग्रह यानी चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है. मगर कुछ राजनेताओं को इस गौरवशाली पल की आधी-अधूरी जानकारी ही रहती है. इसका उदाहरण भी मिल गया है.
दरअसल, राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह चंद्रयान-3 अभियान की सफलता को लेकर भारत के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं देते नजर आ रहे हैं. मगर इसी वीडियो में वह चंद्रयान के साथ चंद्रमा पर जाने वाले यात्रियों को भी गलती से शुभकामना संदेश देते नजर आ रहे हैं. मंत्री के इसी अल्पज्ञान को लेकर सोशल मीडिया पर मजेदार कमेंट्स किए जा रहे हैं.
चन्द्रयान-3 पर खेल मंत्री अशोक चांदना का एक बयान काफी चर्चा में है. दरअसल, मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री अशोक चांदना ने कहा, ‘अगर सफल लैंडिंग हुई तो ये होगा ऐतिहासिक कदम, जो यात्री गए उनको सलाम करता हूं. हमारा देश साइंस में एक कदम और आगे बढ़ेगा. इसके लिए सभी देश वासियों को बहुत-बहुत बधाई’.
जानकारी के मुताबिक खेल मंत्री अशोक चांदना बुधवार को एसएमएस स्टेडियम में खेलो इंडिया सेंटर के उद्घाटन समारोह के दौरान पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे देश साइंस और स्पेस रिसर्च की फील्ड में आगे बढ़ रहा है. इस दौरान उन्होंने देशवासियों को बधाई भी दी. बता दें कि चंद्रयान-3 में कोई भी एस्ट्रोनॉट नहीं है. ऐसे में अब राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना के बयान पर अब सोशल मीडिया पर यूजर्स एक से बढ़कर एक मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं.
Next Story