राजस्थान में यूरिया-डीएपी का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त

जयपुर: राजस्थान में रबी फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को शासन सचिवालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने खाद की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था मजबूत करने के साथ कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में 9.64 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। अधिकांश जिलों में डीएपी का आठ से दस दिनों का अग्रिम बफर स्टॉक भी मौजूद है।
खाद की कालाबाजारी और अवैध डायवर्जन के खिलाफ अभियान के तहत 12,141 डीलरों का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान 1,282 फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, 93 फर्मों के लाइसेंस निलंबित किए गए और 64 प्रतिष्ठानों की बिक्री पर रोक लगाई गई। इसके अलावा 31 एफआईआर दर्ज कर 12,375 उर्वरक बैग जब्त किए गए हैं।
मुख्य सचिव ने 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में फार्मर आईडी आधारित खाद वितरण व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहकारी समितियों को प्राथमिकता से खाद उपलब्ध कराने के साथ किसानों को वैकल्पिक एवं जैव उर्वरकों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।





