राजस्थान

राजस्थान में डॉक्टर भर्ती पर बवाल, 600 की जगह 2000 पदों की मांग

Admindelhi1
24 Nov 2026 2:19 PM IST
राजस्थान में डॉक्टर भर्ती पर बवाल, 600 की जगह 2000 पदों की मांग
x
डॉक्टर भर्ती परीक्षा की तारीख बदलने की मांग, अभ्यर्थियों ने सौंपा ज्ञापन

जयपुर: राजस्थान में चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध तेज हो गया है। भर्ती में केवल 600 पद निर्धारित किए जाने से नाराज चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात कर पदों की संख्या 600 से बढ़ाकर 2000 करने की मांग वाला ज्ञापन सौंपा।

संघर्ष समिति से जुड़े डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (आरयूएचएस) की चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 13 वर्षों में यह सबसे कम पदों वाली चिकित्सा अधिकारी भर्ती है, जबकि प्रदेश में चिकित्सकों के 4000 से अधिक पद रिक्त हैं।

अभ्यर्थियों ने नीट-पीजी काउंसलिंग पूरी होने तक भर्ती परीक्षा स्थगित करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि दोनों प्रक्रियाओं की समय-सारणी में टकराव होने से अभ्यर्थियों को परेशानी हो सकती है।

इसके अलावा संघर्ष समिति ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। डॉ. कृष्णा उपाध्याय ने कहा कि रिक्त पदों को ध्यान में रखते हुए भर्ती का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि योग्य चिकित्सकों को रोजगार मिले और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो सकें।

Next Story