राजस्थान
Rajasthan दिवस महोत्सव: मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन
Tara Tandi
29 March 2025 5:58 PM IST

x
Jaipur जयपुर । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि युवा शक्ति का प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण में अधिक से अधिक योगदान सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में हम युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने और उनकी प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ही, सरकारी और निजी क्षेत्र में 10 लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के अपने संकल्प पर तेजी से काम कर रही है। जिला मुख्यालयों पर रोजगार मेला एवं कैम्पस प्लेसमेंट का आयोजन किया जा रहा है, ताकि हर क्षेत्र के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अवसर मिल सकें।
श्री शर्मा राजस्थान दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रमों की कड़ी में शनिवार को कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सात दिवसीय राजस्थान दिवस महोत्सव हमारी मातृशक्ति, युवा शक्ति, अन्नदाता और अंत्योदय को समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि हम युवाओं को रोजगार देने के साथ ही उनमें उद्यमिता का विकास कर उन्हें रोजगार देने योग्य भी बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दी युवाओं को कई सौगातें—
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवा वर्ग को कई सौगातें देते हुए विभिन्न विभागों में नव चयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। प्रदेशभर में 7 हजार 800 से अधिक कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए। इसके साथ ही श्री शर्मा ने ‘मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान’ का भी शुभारंभ किया। इस दौरान अभियान से संबंधित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन एवं विवरणिका का विमोचन किया गया। श्री शर्मा ने शिक्षा विभाग के दो ऐप एवं आरएसओएस अन्तर्गत ऑन डिमाण्ड परीक्षा तथा डिजिटल प्रवेश उत्सव का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों को बैग एवं यूनिफॉर्म की डीबीटी की शुरूआत की। कार्यक्रम में युवा नीति एवं स्किल नीति का विमोचन, निजी क्षेत्र में रोजगार पर 10 हजार रूपये की सहायता हेतु योजना के दिशा-निर्देश, द्रोणाचार्य अवार्डियों को भूमि आवंटन हेतु दिशा-निर्देश, अटल ज्ञान केन्द्र तथा नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र के दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने रोजगार मेले के तहत आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
पूर्ववर्ती सरकार में युवाओं के साथ हुआ अन्याय—
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में प्रदेश के युवाओं को हर कदम पर अन्याय और अत्याचार का सामना करना पड़ा। पेपरलीक के कारण उनके सपनों पर कुठाराघात हुआ। हमने सरकार बनते ही पेपरलीक की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जो पेपरलीक माफिया को सलाखों के पीछे पहुंचा कर युवाओं को न्याय दिलवा रही है।
युवा नीति युवाओं के सर्वांगीण विकास का रोडमैप—
श्री शर्मा ने कहा कि आज कौशल नीति और युवा नीति का विमोचन किया गया है। कौशल नीति का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकों का कौशल प्रदान कर उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार करना है। वहीं, युवा नीति युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एक रोडमैप है, जिसमें युवा विकास के सभी पहलू शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पहले ही साल में 16 नीतियां जारी की है, जो काम और परिणाम के प्रति हमारे समर्पण को दिखाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम ने निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार के पहले वर्ष में ही राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया, जिसमें 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ये निवेश प्रस्ताव तेजी से धरातल पर भी उतर रहे हैं और लोगों को रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान से राष्ट्रीय शिक्षा नीति को मिलेगी गति—
मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय विकास में शिक्षा के महत्व को देखते हुए ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020’ लागू की है। यह एक समावेशी और प्रेरक नीति है, जो शिक्षा और रोजगार में बड़ा बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि इस नीति की भावना के अनुरूप ही राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में नए बी.टेक और एम.टेक कोर्स शुरू किए गए हैं, जो आज के बदलते दौर में इंडस्ट्री की मानव संसाधन की मांग पूरी करने में सहायक साबित होंगे। श्री शर्मा ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान’ से प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन को गति मिलेगी।
राज्य बजट में युवा कल्याण से संबंधित ढेरों घोषणाएं—
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के बजट में भी हमने युवा कल्याण की ढेरों घोषणाएं की हैं। वन विभाग में 1750 कर्मचारी, 4 हजार पटवारी और 10 हजार स्कूल शिक्षकों की भर्ती सहित करीब सवा लाख पदों पर नियुक्तियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि 67 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं और विभिन्न संवर्गों के 96 हजार से अधिक पदों के लिए विज्ञापन जारी हो चुके हैं। ड्राइवर और चतुर्थ श्रेणी जैसी वे भर्तियां भी कर रहे हैं, जो लंबे समय से अटकी हुई थीं। हमने पहली बार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 53 हजार से अधिक रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी कर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है।
मुख्यमंत्री ने किया नवनियुक्त कार्मिकों से संवाद—
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न जिलों में नव नियुक्त कार्मिकांे के साथ संवाद कर उनकी हौसला अफजाई की। डूंगरपुर जिले में नियुक्त दृष्टि बाधित सहायक आचार्य श्री संदीप ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दिए गए नियुक्ति के तोहफे से उनके अंधेरे जीवन में खुशियों का उजाला लौट आया है। वहीं, दौसा जिले में महिला पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत कोमल शर्मा ने बताया कि बहुत कम समय में भर्ती प्रक्रिया पूरी होने से रोजगार के लिए उनका इन्तजार खत्म हुआ। दौसा जिले में ही फार्मासिस्ट पद पर नियुक्त श्री मनमोहन सिंह ने कहा कि लम्बे समय से अटकी भर्ती को पूरा कर राज्य सरकार ने बेरोजगार युवाओं को संबल दिया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने कहा कि राजस्थान दिवस केवल इतिहास और परंपराओं का उत्सव नहीं है, बल्कि विकसित राजस्थान के संकल्प को दोहराने का अवसर है। शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान स्किल पॉलिसी, युवा रोजगार प्रोत्साहन योजना और युवा नीति 2025 युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। श्री बिरला ने कहा कि कोटा में प्रस्तावित स्किल इंस्टीट्यूट आधुनिक शिक्षा और अनुसंधान का केंद्र बनेगा। एयरपोर्ट, एयरो सिटी, स्पोर्ट्स सिटी, एजुकेशन सिटी और मेडिकल टूरिज्म हब के निर्माण से यहां औद्योगिक और शैक्षिक क्रांति का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राजस्थान के नव निर्माण और आत्मनिर्भरता की दिशा में संकल्प लें।
इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय नववर्ष पर राजस्थान दिवस मनाए जाने की विशेष पहल की है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में परीक्षाओं में पेपरलीक की घटनाओं से युवा ठगा सा महसूस करते थे। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से भर्ती परीक्षाओं का आयोजन सुनिश्चित करते हुए युवाओं के सपनों को साकार कर रही है।
कार्यक्रम में सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक, विधायक श्री संदीप शर्मा, श्रीमती कल्पना देवी, श्री ललित मीणा, श्री कुलदीप धनखड़, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़, शासन सचिव कार्मिक श्री के. के. पाठक सहित बड़ी संख्या में युवा एवं आमजन उपस्थित रहे।
TagsRajasthan दिवस महोत्सवमुख्यमंत्री रोजगार उत्सवयुवा सम्मेलनRajasthan Day FestivalChief Minister Employment FestivalYouth Conferenceजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





