
Rajasthan राजस्थान : कांग्रेस नेता और राजस्थान विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद बीकानेर में निधन हो गया। वह 62 वर्ष के थे। अगस्त 2023 में ब्रेन स्ट्रोक के बाद डूडी दो साल से अधिक समय तक कोमा में रहे। उन्होंने बीकानेर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। इसी निर्वाचन क्षेत्र का उन्होंने 1999-2004 तक लोकसभा में प्रतिनिधित्व किया था। डूडी 2013 से 2018 तक राजस्थान में भाजपा शासन के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। उनकी पत्नी सुशीला डूडी कांग्रेस विधायक हैं।
उनका अंतिम संस्कार बीकानेर में हुआ, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कई विधायकों सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
गहलोत ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।
गहलोत ने कहा, "पूर्व नेता प्रतिपक्ष और बीकानेर से सांसद रामेश्वर डूडी का निधन अत्यंत दुखद है। लगभग दो वर्षों की बीमारी के बाद उनके निधन का दुःख मुझे हमेशा रहेगा। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।"
उन्होंने कहा कि डूडी हमेशा किसानों के कल्याण के लिए काम करते रहे।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और अन्य नेताओं ने भी डूडी के निधन पर शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।





