राजस्थान
राजस्थान: आरक्षण के लिए हाइवे जाम कर बैठे प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे नहीं होगे वापस, मंत्री बोले- शराब पी रहे, डीजे पर नाच रहे
Kajal Dubey
15 Jun 2022 7:40 PM IST

x
पढ़े पूरी खबर
राजस्थान में माली, कुशवाहा, मौर्य, और शाक्य जातियों द्वारा अलग से 12% आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। बुधवार को आंदोलन का चौथा दिन है। आंदोलनकारियों ने जयपुर-आगरा नेशन हाईवे संख्या- 21 पर जाम लगा रखा है। उधर पुलिस ने आंदोलनकारियों के खिलाफ नेशनल हाईवे जाम करने को लेकर मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। आंदोलनकारियों ने मुकदमे वापस लेने की मांग की है लेकिन कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने स्पष्ट रूप से कह दिया है कि आंदोलनकारियों पर जो मुकदमे दर्ज हुए हैं वह वापस नहीं लिए जाएंगे।
आंदोलनकारियों पर लगे मुकदमे वापस नहीं होंगे
कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने बुधवार को पत्रकार वार्ता करते हुए स्पष्ट कहा है कि नेशनल हाईवे जाम करने को लेकर आंदोलनकारियों के खिलाफ पुलिस ने जो मुकदमे दर्ज किए हैं वह वापस नहीं लिए जाएंगे। आंदोलनकारी 4 दिन से नेशनल हाईवे पर जाम लगाकर बैठे हुए हैं, जिससे आमजन को बेहद परेशानी हो रही है। मैं खुद 2 दिन तक आंदोलनकारियों से वार्ता करने के लिए इंतजार करता रहा मगर वह वार्ता करने नहीं आए हैं।
उन्होंने कहा कि जानकारी यह भी मिली है कि यह आंदोलन हो रहा है या मजाक हो रहा है क्योंकि आंदोलनकारी शराब पी रहे हैं, डीजे बजा कर डांस कर रहे हैं और मजे ले रहे हैं। जबकि इनके आंदोलन से आम जनता परेशान है।
संयोजक मुरारी लाल सैनी ने कही यह बात...
सैनी माली आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक मुरारी लाल सैनी का कहना है कि हम 12% आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसलिए हमारी इस मांग को पूरा किया जाए। दूसरा, आंदोलनकारियों पर जो मुकदमे दर्ज किये गये हैं उनको वापस लिया जाए। सरकार के प्रतिनिधि हमको आंदोलन स्थल पर पहुंचकर आश्वासन दें। इन तीनों मुद्दों पर मंत्री विश्वेंद्र सिंह का कहना है कि सरकार तो 2 दिन तक आप से वार्ता करने के लिए इंतजार करती रही है मगर आप नहीं आए। इसलिए पहले नेशनल हाईवे पर जाम को हटाया जाए उसके बाद ही वार्ता की जाएगी।
इंटरनेट सेवा को बैन करने का समय बढ़ाया
आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन ने इंटरनेट सेवा को 16 जून की सुबह 11:00 बजे तक चार तहसीलों में बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश भरतपुर के संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा द्वारा जारी किया गया है।
जनता को हो रही परेशानी
राष्ट्रीय राजमार्ग के चार दिन से लगातर बाधित रहने की वजह से आगरा-जयपुर के बीच सड़क मार्ग की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। भरतपुर के अरौदा गांव पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर महापड़ाव डाले बैठे आंदोलनकारियों की वजह से इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर हजारों की संख्या में ट्रकों के पहिये थमे हुए हैं, जो जाम के खुलने का इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों की परेशानियों के मद्देनजर भरतपुर से जयपुर जाने वाले यात्री वाहनों को परिवर्तित मार्गों से निकाला जा रहा है जिससे लोगों को अतिरिक्त सफर एवं परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Next Story





