राजस्थान

27 जिलों में बारिश की चेतावनी, राजस्थान में तूफान ‘अर्नब’ सक्रिय

Admindelhi1
29 Oct 2026 5:14 PM IST
27 जिलों में बारिश की चेतावनी, राजस्थान में तूफान ‘अर्नब’ सक्रिय
x
राजस्थान में ‘अर्नब’ का असर, बारिश को लेकर 27 जिलों में अलर्ट

जयपुर: बंगाल की खाड़ी में बने तूफान ‘अर्नब’ का असर राजस्थान में दिखाई देने लगा है। मौसम में आए बदलाव के बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 27 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। बुधवार देर शाम भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बादल छा गए, जबकि देर रात कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बारिश और बादलों की आवाजाही से प्रदेश में ठंडक बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान जयपुर, पिलानी, सीकर, बाड़मेर और चूरू सहित प्रदेश के लगभग सभी शहरों के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। बुधवार को बाड़मेर को छोड़कर किसी भी शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं पहुंचा। वहीं, कई इलाकों में रात का पारा तेजी से नीचे आया है, जिससे सुबह और रात के समय सर्दी का अहसास बढ़ने लगा है।

मौसम के बदले मिजाज का असर प्रदेश के तापमान पर साफ दिखाई दिया। बुधवार को सिरोही में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि बाड़मेर 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा।

दूसरी ओर, सीकर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बारिश होने पर तापमान में और गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव राजस्थान में तीन दिन तक बना रह सकता है। इसका असर 29 और 30 अक्टूबर को अधिक रहने की संभावना है, जबकि 31 अक्टूबर से इसका प्रभाव कमजोर पड़ने के आसार हैं। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवा चल सकती हैं।

मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलने लगी है, वहीं तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का असर भी बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदेश के मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

Next Story