पुष्कर मेले के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, चलेंगी 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

जयपुर: पुष्कर मेले में आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने तीन जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये रेलसेवाएं 23 और 24 नवंबर को पुष्कर, अजमेर और आदर्शनगर के बीच संचालित होंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, 23 नवंबर को गाड़ी संख्या 09643 पुष्कर से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे आदर्शनगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09644 आदर्शनगर से दोपहर 2:10 बजे चलकर 3:45 बजे पुष्कर पहुंचेगी।
वहीं, 24 नवंबर को गाड़ी संख्या 09645 अजमेर से सुबह 9:50 बजे रवाना होकर 11 बजे पुष्कर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09646 पुष्कर से शाम 4:30 बजे चलकर 5:40 बजे अजमेर पहुंचेगी।
इसी दिन गाड़ी संख्या 09647 पुष्कर से सुबह 11:40 बजे चलकर दोपहर 1 बजे आदर्शनगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09648 आदर्शनगर से दोपहर 2:10 बजे रवाना होकर 3:45 बजे पुष्कर पहुंचेगी।
पुष्कर-आदर्शनगर रेलसेवाएं बूढ़ा पुष्कर, माकड़वाड़ी, मदार और अजमेर स्टेशनों पर रुकेंगी। इनमें नौ-नौ डिब्बे होंगे। वहीं अजमेर-पुष्कर स्पेशल ट्रेन मदार जंक्शन, माकड़वाड़ी और बूढ़ा पुष्कर स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें कुल पांच डिब्बे होंगे।





