जोधपुर में रेल-खेल महाकुंभ का आयोजन, खेल से लेकर साहित्य तक दिखा हुनर

जोधपुर: उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आयोजित पांच दिवसीय रेल-खेल, कला एवं साहित्य महाकुंभ 2026 में रेल कर्मचारियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। गुरुवार को जोधपुर रेलवे स्टेडियम में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में करीब 450 महिला एवं पुरुष रेल कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुनीता चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस महाकुंभ में अब तक लगभग 1050 रेल कर्मचारी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं।
गुरुवार सुबह सात बजे से रेलवे स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। इस दौरान अलग-अलग आयु वर्गों में 2 किलोमीटर, 1 किलोमीटर, 100 मीटर और 50 मीटर दौड़ स्पर्धाएं आयोजित की गईं। रेल कर्मचारियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
इस आयोजन का उद्देश्य रेल कर्मचारियों की कार्यक्षमता के साथ उनकी खेल, कला और साहित्य से जुड़ी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। महाकुंभ में कर्मचारियों को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर भी मिल रहा है।
20 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में एथलेटिक्स के अलावा महिला एवं पुरुष वर्ग में कैरम, शतरंज, टेनिस और बैडमिंटन जैसी खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
वहीं, कला और साहित्य के क्षेत्र में चित्रकला, पोस्टर निर्माण, रंगोली, मेहंदी, निबंध लेखन और कविता लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।
पांच दिवसीय महाकुंभ के माध्यम से रेल कर्मचारियों को खेल, कला और साहित्य के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आपसी सहभागिता बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।





