पुष्कर में सजेगा धर्म और सद्भाव का अनूठा नजारा, निकलेगी भव्य पदयात्रा

अजमेर: विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी पुष्कर में कार्तिक एकादशी के अवसर पर धर्म, आस्था और सांप्रदायिक सद्भाव की अनूठी तस्वीर देखने को मिलेगी। आगामी 20 नवंबर को पुष्कर धार्मिक मेले के शुभारंभ पर भव्य आध्यात्मिक पदयात्रा निकाली जाएगी। विभिन्न संप्रदायों के संत-महात्माओं, सर्वधर्म प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से आयोजित होने वाली इस यात्रा में देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण रहेंगी। पदयात्रा के स्वागत के लिए यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार भी बनाए जाएंगे।
धार्मिक मेले के शुभारंभ को लेकर देवस्थान विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आध्यात्मिक पदयात्रा के आयोजन और विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए उपखंड अधिकारी गुरुप्रसाद तंवर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों और संस्थाओं की भागीदारी के साथ आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 नवंबर को सुबह नौ बजे पुष्कर स्थित गुरुद्वारे से आध्यात्मिक पदयात्रा रवाना होगी। यात्रा वराह घाट चौक, गऊ घाट, ब्रह्म चौक और ब्रह्मा मंदिर होते हुए मेला मैदान पहुंचेगी। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं के अभिनंदन के लिए स्वागत द्वार बनाए जाएंगे।
पदयात्रा में सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं भी भाग लेंगी। संस्थाओं की ओर से देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। विभिन्न संप्रदायों के संतों और सर्वधर्म प्रतिनिधियों की सहभागिता से यात्रा के माध्यम से धार्मिक एकता और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।
मेला मैदान में पदयात्रा के पहुंचने के बाद मेला विकास समिति की ओर से संत-महात्माओं का सम्मान किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
आध्यात्मिक पदयात्रा में शामिल होने वाली झांकियों को लेकर देवस्थान विभाग ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग के सहायक आयुक्त गिरीश बच्छानी ने बैठक में स्पष्ट किया कि किसी भी झांकी की ऊंचाई सात फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने झांकियों में छोटे बच्चों को शामिल नहीं करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए किसी भी झांकी में राजनीतिक प्रचार से संबंधित पोस्टर, बैनर या अन्य सामग्री लगाने की अनुमति नहीं होगी।
पदयात्रा को आकर्षक और अनुशासित बनाए रखने के लिए सभी झांकियों को एक कतार में व्यवस्थित ढंग से निकालने पर जोर दिया गया। झांकियों के बीच अनावश्यक अंतराल नहीं रखने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रा का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
बैठक में गऊ घाट के बाहर विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। उपखंड अधिकारी गुरुप्रसाद तंवर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पदयात्रा के दौरान सफाई, पेयजल, यातायात और कानून-व्यवस्था के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
नगर परिषद सभापति रोहन बाकोलिया ने बैठक में आयोजन से पहले एक कमेटी गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निर्धारित करने पर जोर दिया, जिससे आयोजन के दौरान विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
नगर परिषद आयुक्त रेखा जैसवानी ने पदयात्रा के दौरान साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में नगर परिषद की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। पर्यटन विभाग के उप निदेशक योगेश कुमार खत्री ने भी पिछले वर्ष की तरह इस बार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
कार्तिक एकादशी पर आयोजित होने वाली यह आध्यात्मिक पदयात्रा पुष्कर धार्मिक मेले के शुभारंभ का प्रमुख आकर्षण रहेगी। देवी-देवताओं की झांकियों, संत-महात्माओं की सहभागिता और सर्वधर्म प्रतिनिधियों की उपस्थिति के बीच तीर्थनगरी से धर्म, आस्था और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा।





