राजस्थान

पुष्कर को मिलेगा स्मार्ट धार्मिक नगरी का स्वरूप, 50 करोड़ से सुधरेगी जलापूर्ति

Admindelhi1
17 Nov 2026 10:55 AM IST
पुष्कर को मिलेगा स्मार्ट धार्मिक नगरी का स्वरूप, 50 करोड़ से सुधरेगी जलापूर्ति
x
विदेशी पर्यटकों को भी लुभा रहा पुष्कर, 17 नवंबर से सजेगा अंतरराष्ट्रीय पहचान वाला मेला

जयपुर: राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थराज पुष्कर को धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के तहत ब्रह्मा मंदिर गलियारा, पुष्कर सरोवर के घाट, परिक्रमा मार्ग और शहर की आधारभूत सुविधाओं के विकास पर काम किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य पुष्कर को स्वच्छ एवं हरित पर्यटक नगरी के रूप में विकसित करना है, ताकि धार्मिक पर्यटन के साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।

पुष्कर की धार्मिक पहचान के साथ यहां पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023 में 76.42 लाख से अधिक घरेलू पर्यटक पुष्कर पहुंचे थे। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 1.24 करोड़ से अधिक हो गई, जबकि वर्ष 2025 में 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटकों ने यहां भ्रमण किया। इसी वर्ष 68,327 विदेशी पर्यटक भी पुष्कर पहुंचे। वर्ष 2026 में अगस्त तक 70.88 लाख से अधिक घरेलू और 31,459 विदेशी पर्यटकों के यहां पहुंचने की जानकारी दी गई है।

ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर और सरोवर घाटों का होगा विकास

पुष्कर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विकास योजना में ब्रह्मा मंदिर गलियारा, पुष्कर सरोवर के घाट और परिक्रमा मार्ग को विशेष महत्व दिया गया है।

इसके साथ ही शहर को स्वच्छ और हरित पर्यटन केंद्र बनाने के लिए क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। सावित्री माता मंदिर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 50 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई है।

सरोवर के निकट उच्चस्तरीय पुल की मरम्मत और स्वागत द्वार का निर्माण भी कराया गया है। इन कार्यों का उद्देश्य पुष्कर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

सड़कों के विकास पर खर्च हो रही बड़ी धनराशि

पुष्कर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम बनाने के लिए सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कई कार्य किए गए हैं। पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क, सूरजकुंड योजना, मोतीसर मार्ग और सावित्री मंदिर मार्ग सहित विभिन्न सड़कों का विकास किया गया है।

सूरजकुंड योजना के प्रथम चरण में आंतरिक सड़कों का निर्माण पूरा किया गया है। पुष्कर मेला मैदान से मोतीसर तक सड़क निर्माण तथा मोतीसर से सूरजकुंड योजना मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य भी पूरे हो चुके हैं।

पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में अजमेर जिले की सीमा से भदून होते हुए नागौर जिले की सीमा तक 25 करोड़ रुपये की लागत से राज्य मार्ग का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए करीब 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है।

इसके अलावा ग्रामीण और स्थानीय संपर्क मार्गों पर सीमेंट कंक्रीट तथा सड़क सुदृढ़ीकरण के कार्य भी कराए गए हैं। सूरजकुंड योजना प्रथम में समतलीकरण, ड्रेसिंग और सड़क निर्माण के कार्य प्रस्तावित हैं।

17 नवंबर से शुरू होगा पुष्कर मेला, दिखेगी लोक संस्कृति की झलक

इस वर्ष पुष्कर मेला 17 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले में धार्मिक आस्था के साथ राजस्थान की लोक संस्कृति, ग्रामीण जीवन और पारंपरिक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी।

मेले के प्रमुख आकर्षणों में विदेशी पर्यटकों की भागीदारी वाली खेल प्रतियोगिताएं, खाद्य एवं शिल्प महोत्सव, ऊंट एवं घोड़ा नृत्य, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।

20 नवंबर को शिल्पग्राम में खाद्य एवं शिल्प महोत्सव का उद्घाटन होगा। यहां हस्तशिल्प और पारंपरिक खानपान से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा पुष्कर सरोवर की महाआरती, दीपदान और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को और आकर्षक बनाएंगी।

स्वास्थ्य, शिक्षा और न्यायिक सुविधाओं का भी विस्तार

पुष्कर के विकास की योजना में केवल पर्यटन और सड़कों को ही नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। पुष्कर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय और नगर पालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत किया गया है।

इसके अलावा नवीन वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय की स्थापना की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में नवीन राजकीय आवासीय वेद विद्यालय शुरू किया गया है। वहीं राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय और दर्शनशास्त्र विषय भी प्रारंभ किए गए हैं।

सरकार की इन योजनाओं के जरिए पुष्कर की धार्मिक पहचान को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और पर्यटन के साथ स्थानीय विकास को गति देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

Next Story