जयपुर में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 8.86 लाख बच्चों को पिलाई जाएंगी दो बूंद

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस के अवसर पर विशेष अभियान की शुरुआत की गई। जयपुर प्रथम और जयपुर द्वितीय जिलों में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 8 लाख 86 हजार 269 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए दोनों जिलों में 6,811 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं।
जयपुर द्वितीय जिले में परियोजना निदेशक टीकाकरण डॉ. रघुराज सिंह, कार्यवाहक सीएमएचओ डॉ. सुरेन्द्र गोयल और आरसीएचओ डॉ. प्रमिला मीणा ने मानसरोवर सेक्टर-12 स्थित यूसीएचसी में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस जिले में 4 लाख 24 हजार 691 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के लिए 14,546 वैक्सीनेटर, 816 सुपरवाइजर, 153 ट्रांजिट टीमें और 635 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं।
वहीं जयपुर प्रथम जिले में सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत ने महेश नगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से अभियान की शुरुआत की। यहां 4,164 बूथों पर 4 लाख 61 हजार 578 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य है।
जयपुर प्रथम में अभियान की निगरानी के लिए 790 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 140 ट्रांजिट और 170 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर खुराक से वंचित बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे।
अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी पात्र बच्चों को 'दो बूंद जिंदगी की' अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो टीकाकरण से वंचित न रहे।





