राजस्थान

रेलवे स्टेशनों पर जनसंवाद, यात्रियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

Admindelhi1
23 Oct 2026 10:51 AM IST
रेलवे स्टेशनों पर जनसंवाद, यात्रियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
x
जोधपुर मंडल में रेलवे का जनसंवाद अभियान, 18 स्टेशन शामिल

जोधपुर: रेल यात्रियों की समस्याओं को समझने, शिकायतों के त्वरित निराकरण और उनकी जरूरतों के अनुरूप यात्री सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के 18 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद आयोजित किए गए। विशेष अभियान 6.0 के तहत हुई इस पहल में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं जानीं। इसका उद्देश्य रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच संवाद मजबूत करना तथा जनभागीदारी से रेल सेवाओं, स्वच्छता और स्टेशन सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने यात्रियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान दुबई से आए यात्रियों ने भी रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं से संबंधित अपनी शिकायतें एवं सुझाव साझा किए। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद यात्रियों की ओर से बताई गई समस्याओं में अधिकांश का निराकरण किया गया। जनसंवाद के दौरान रेल विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन परिसर की स्वच्छता और सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

यात्रियों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला, वहीं रेलवे प्रशासन को जमीनी स्तर पर यात्रियों की अपेक्षाओं और सुधार की जरूरतों को समझने में मदद मिली। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने इस दौरान कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जोधपुर मंडल में यात्री सुविधाओं के विकास और सेवा गुणवत्ता में सुधार के साथ स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इन 18 स्टेशनों पर यात्रियों से सीधा संवाद

जोधपुर मंडल के जोधपुर, भगत की कोठी, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, मेड़ता रोड, नोखा, डेगाना, सुजानगढ़, मकराना, बालोतरा, जालोर, मारवाड़ भीनमाल, रामदेवरा, फलोदी, देशनोक, डीडवाना और रेन रेलवे स्टेशनों पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न स्टेशनों पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों और आम नागरिकों से समस्याओं के निराकरण, रेल विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव प्राप्त किए। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Next Story