राजस्थान

भारत-चीन समेत चार देशों के बीच एशियाई संवाद का प्रस्ताव

Admindelhi1
18 Nov 2026 11:42 AM IST
भारत-चीन समेत चार देशों के बीच एशियाई संवाद का प्रस्ताव
x
लोक प्रशासन में सहयोग बढ़ाने की तैयारी, चार देशों को जोड़ने का प्रस्ताव

जयपुर: राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने भारत, चीन, दक्षिण कोरिया और जापान के प्रशासनिक विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने के लिए एशियाई संवाद शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित आईआईएएस के वार्षिक सम्मेलन के पहले दिन यह सुझाव दिया।

श्रीनिवास ने एशियाई लोक प्रशासन समूह को संबोधित करते हुए शासन और प्रशासन के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संवाद के माध्यम से विभिन्न देशों के विशेषज्ञ अपने अनुभव और प्रशासनिक मॉडल साझा कर सकेंगे।

इस दौरान उन्होंने चीनी कार्मिक विज्ञान अकादमी के उपाध्यक्ष ली जियानझोंग से मुलाकात कर चीन में आईआईएएस के आगामी सम्मेलन की मेजबानी का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने भारत की डिजिटल शासन व्यवस्था से जुड़े मिशन कर्मयोगी, आधार, यूपीआई, सीपीग्राम्स और ई-ऑफिस जैसी पहलों के अनुभव साझा किए।

श्रीनिवास ने बताया कि राष्ट्रीय सुशासन केंद्र अब तक 40 से अधिक देशों के 5,200 से ज्यादा लोक सेवकों को प्रशिक्षण दे चुका है। बैठक में सिविल सेवा सुधार, नेतृत्व विकास और प्रशासन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर भी चर्चा हुई।

आईआईएएस के पहले भारतीय अध्यक्ष श्रीनिवास ने संस्थान की प्रशासनिक परिषद और महासभा की अध्यक्षता भी की। 'ग्रोथ फॉर सोसाइटी' विषय पर आयोजित चार दिवसीय सम्मेलन 20 नवंबर तक चलेगा। इसमें तकनीकी बदलाव, असमानता और प्रशासनिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

Next Story