राजस्थान

जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रोजेक्ट 'रक्षा' लॉन्च किया गया

Admin4
30 Sep 2023 11:12 AM GMT
जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रोजेक्ट रक्षा लॉन्च किया गया
x
जयपुर। प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन (पीडीकेएफ) के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में सिटी पैलेस में निर्भया स्क्वॉड के सदस्यों की ओर से 2 हजार पांच सौ छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। इस अवसर पर पीडीकेएफ का नया प्रोजेक्ट रक्षा भी लॉन्च किया गया। 'प्रोजेक्ट रक्षा' महिलाओं को सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप्स और कानूनी सहायता के माध्यम से शारीरिक और कानूनी रूप से अपनी रक्षा करने में सशक्त बनाने में मदद करेगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) राजस्थान के क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम मुख्य अतिथि थे। इसके साथ ही मंच पर पीडीकेएफ की प्रेसिडेंट, सांसद दीया कुमारी, महात्मा गांधी मेडिकल यूनिवर्सिटी के एमेरिटस चेयरपर्सन डॉ. एम एल स्वर्णकार और पीडीकेएफ की जरनल सेक्रेटरी, प्रिंसेस गौरवी कुमारी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में निम्बाराम ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आत्मरक्षा सीखने के लिए उचित माइंड सेट, शरीर और चेहरे के हाव-भाव और अभ्यास करते रहना बहुत महत्वपूर्ण है। भारतीय परंपरा में महिलाओं को शक्ति का प्रतीक माना गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे जितने भी देवी-देवता हैं, सभी अपने हाथों में शस्त्र धारण किए हुए हैं। शस्त्र आत्मरक्षा, आत्मसुरक्षा और निर्भयता को दर्शाते हैं। शस्त्र किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं होते बल्कि स्वयं में आत्मविश्वास जगाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जैसे हालात है, महिलाओं व लड़कियों को अपनी रक्षा के लिए किसी अन्य पर निर्भर होने के बजाय अपनी रक्षा स्वयं करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
इस अवसर पर सांसद दीया कुमारी ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मुझे यह देखकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है कि हमारे जयपुर की बेटिया आज आत्मरक्षा में इतनी आगे बढ़ रही हैं। राजस्थान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए, जहां महिला अपराधों में इतनी वृद्धि हुई है, आज समय की यह महत्वपूर्ण आवश्यकता है कि हम सभी आत्मनिर्भर बनें और अपनी रक्षा स्वयं करें। दीया कुमारी ने आगे कहा कि आत्मरक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रशिक्षित होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अगर हम एक भी महिला को आत्मनिर्भर बना सकें, तो समाज में भी बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने बताया कि पीडीकेएफ द्वारा गत दिनों में आयोजित आत्मरक्षा कार्यशाला से 4 हजार बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं। इसके साथ ही सांसद दीया ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया।
Next Story