राजस्थान

उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी ने खाया कांच का ब्लेड, हालत गंभीर

Admin4
2 Oct 2023 11:05 AM GMT
उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी ने खाया कांच का ब्लेड, हालत गंभीर
x
अजमेर। अजमेर कुकर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने कांच के टुकड़े खा लिए। उसे पेट दर्द की शिकायत हुई तो जेएलएन हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके बाद जब एक्स-रे कराया गया तो सभी चौंक गए। उसके पेट में कांच के टुकड़े, ब्लेड और कंकड़ नजर आए। मामला अजमेर की सेंट्रल जेल का है। डॉक्टर ने ऑपरेशन कर उसके पेट से कांच और ब्लेड के टुकड़े निकाल लिए हैं। जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल ने बताया कि 30 सितम्बर को उम्रकैद की सजा काट रहे रूपनगढ़ निवासी परमेश्वर (27) ने पेट दर्द की शिकायत की थी। उसे अस्पताल ले गए तो एक्स रे कराने के दौरान पेट में कांच के टुकड़े, ब्लेड और कंकड़ होने की जानकारी सामने आई। रविवार 1 अक्टूबर शाम को उसका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद उसे कैदी वार्ड में भर्ती किया गया है।
जेल अधीक्षक मालीवाल के अनुसार, कैदी परमेश्वर पहले भी ब्लेड, कंकड़ और कांच के टुकड़े खा चुका है। जेल अधीक्षक ने बताया कि अक्टूबर 2022 में जयपुर एसएमएस, फरवरी 2023 में भी जयपुर एसएमएस और जुलाई 2023 में जेएलएन में इसका ऑपरेशन करवाया गया था। यह जेल प्रहरियों की नजरें बचाकर चुपचाप ब्लेड या कांच के टुकड़े खा लेता है। कुछ दिनों बाद पेट दर्द होने की शिकायत करता है। कभी यह जेल के अंदर ऐसी चीजें खा लेता है तो अस्पताल ले जाने पर कांच के टुकड़े या अन्य चीजें खा लेता है। कभी-कभी यह पेट पर लगे टांके भी खोल लेता है।
कैदी परमेश्वर की बुआ उससे पहले मिलने आया करती थी। इससे पहले कुकर्म के मामले में इसे 10 साल की सजा हुई थी इसके बाद बुआ ने जमानत कराई तो अपराधी ने फिर से कुकर्म की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद कोर्ट ने इसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके बाद से अपराधी की बुआ ने मिलने आना बंद कर दिया था। इसके कारण यह परेशान रहने लगा था। बता दें कि जेल के डॉक्टरों ने अब उसे बांध कर रखने की सलाह दी है, साथ ही कैदी की काउंसिलिंग भी की जा रही है।
Next Story