राजस्थान
सफाई कर्मचारियों की भर्ती में वाल्मीकि समाज के लोगों को प्राथमिकता दी जाए - अध्यक्ष राज्य सफाई कर्मचारी आयोग
Tara Tandi
11 July 2023 12:14 PM GMT

x
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष किशनलाल जैदिया ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण एवं मुख्यमंत्री द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में नगर परिषद आयुक्त व समस्त अधिशाषी अधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष जेदिया ने बैठक में आयुक्त नगर परिषद सीकर व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती, अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन, पदोन्नति तथा आरजीएचएस योजना का लाभ मिलने से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती में वाल्मीकि समाज के लोगों को प्राथमिकता दी जाए तथा शहर में मैनुअल स्कैवेंजिंग और संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक मशीनों और साधनों की खरीदारी कर कार्य करवाया जाए। इस दौरान उन्होंने सभी नगर निकायों में सफाई कर्मचारियों की पदोन्नोति, अनुकंपा नियुक्ति एवं पेंशन से संबंधित सफाई कर्मचारियों और संगठनों द्वारा रखी गई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
अध्यक्ष जेदिया ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं तथा नगर परिषद के कर्मचारियों को सस्ती दरों पर आवासीय भूखंड उपलब्ध करवाने के कार्य को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि शोषित, पीड़ित और वंचित समाज के लोगों को सफाई कर्मचारियों की भर्ती में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि संविदा पर कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों का चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में आवश्यक रूप से पंजीकरण करवाएं। राज्य सरकार की इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के बारे में उन्हें बताएं और अधिक से अधिक लोगों को इसमें जोड़ें। उन्होंने नगर परिषद और नगर पालिका के अधिकारियों से कहा कि वे सफाई कर्मचारियों का स्वस्थ स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर अपने परिसर में मेडिकल कैंप लगवाएं तथा सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाएं।
इस दौरान बैठक में आयुक्त नगर परिषद सीकर शशीकांत शर्मा, सभी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज सीकर, डीएसओ कपिल उपाध्याय, आरसीएचओ राजीव ढाका तथा संबंधित विभागों की जिला स्तरीय अधिकारी, सफाई कर्मचारी तथा सफाई कर्मचारियों से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

Tara Tandi
Next Story